[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

फतेहपुर के लाल DIG अरशद अली खान ने लिया बलारा थाना गोद, व्यवस्थाओं में लाएंगे क्रांतिकारी सुधार


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़फतेहपुरराजस्थानराज्यसीकर

फतेहपुर के लाल DIG अरशद अली खान ने लिया बलारा थाना गोद, व्यवस्थाओं में लाएंगे क्रांतिकारी सुधार

आईपीएस अरशद अली ने किया बलारा थाने का गहन निरीक्षण, सीएलजी सदस्यों व ग्रामीणों से की सीधी चर्चा

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : आबिद खान दाडून्दा

​फतेहपुर : ​फतेहपुर के बेस्वा गांव के सपूत और कानून व्यवस्था जयपुर के उप महानिरीक्षक (DIG) आईपीएस अरशद अली खान ने अपनी जन्मभूमि के प्रति दायित्व और जनसेवा की उत्कृष्ट मिसाल पेश की है। प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2025 में आयोजित डीजी/आईजी कॉन्फ्रेंस में दिए गए उस दूरदर्शी निर्देश को धरातल पर उतारते हुए, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को एक-एक पुलिस थाना गोद लेकर उसकी संपूर्ण कार्यप्रणाली में गुणात्मक सुधार के निर्देश दिए गए थे, आईपीएस अरशद अली खान ने बलारा पुलिस थाने को गोद लिया है। इस सराहनीय पहल के तहत डीआईजी अरशद अली ने बलारा थाने का गहन और सूक्ष्म निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पुलिसकर्मियों को आमजन के प्रति संवेदनशील और अपराधियों के प्रति सख्त बनने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

​अपने इस दौरे के दौरान डीआईजी अरशद अली खान ने बलारा थाने में सीएलजी (सिटिजन लाजिस्टिक ग्रुप) सदस्यों और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में उन्होंने क्षेत्र की कानून व्यवस्था, आमजन की समस्याओं और पुलिसिंग में सुधार को लेकर उपस्थित सदस्यों से खुलकर सुझाव मांगे। उन्होंने साफ कहा कि आधुनिक पुलिसिंग का मुख्य ध्येय भयमुक्त समाज का निर्माण और आम नागरिक में पुलिस के प्रति अटूट विश्वास कायम करना है। इसके साथ ही उन्होंने थाना स्टाफ से संवाद करते हुए बुनियादी पुलिसिंग को मजबूत करने, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए कड़े निर्देश दिए।

​प्रशासनिक प्राथमिकताओं के साथ-साथ सामाजिक सरोकार निभाते हुए डीआईजी खान ने आंत्रोली गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का दौरा भी किया। यहाँ उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधा संवाद कर बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की राह दिखाई और शिक्षा के साथ-साथ सजग नागरिक बनने की प्रेरणा दी। आईपीएस अधिकारी के इस आत्मीय और मार्गदर्शक रवैये से ग्रामीण व छात्र बेहद प्रभावित नजर आए। इस संपूर्ण गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक सीकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी लक्ष्मणगढ़ तथा थानाधिकारी बलारा सहित पुलिस महकमे के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।

स्थानीय लोगों ने बेस्वा निवासी आईपीएस अरशद अली खान की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे बलारा क्षेत्र के लिए एक बेहद सकारात्मक और ऐतिहासिक कदम बताया है।

Related Articles