डुलानिया बस स्टैंड एनएच –709 की बदहाल व्यवस्था बनी हादसों का कारण, ग्रामीणों ने समाधान की उठाई मांग
डुलानिया बस स्टैंड एनएच –709 की बदहाल व्यवस्था बनी हादसों का कारण, ग्रामीणों ने समाधान की उठाई मांग
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : निरंजन सैन
पिलानी : लोहारू–पिलानी एनएच-709 पर स्थित डुलानिया बस स्टैंड क्षेत्र इन दिनों कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने, खुले और जर्जर नालों, सड़क किनारे फैले कचरे तथा अतिक्रमण के कारण स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से शीघ्र समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के दिनों में डुलानिया बस स्टैंड स्थित माता मंदिर के पास जलभराव की स्थिति बन जाती है। सड़क पर पानी भर जाने से छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। कई बार वाहन चालकों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है।
बस स्टैंड के दोनों ओर लगभग 400 मीटर तक बना पानी निकासी का नाला भी जर्जर अवस्था में है। नाले के ऊपर लगी सीमेंट की स्लैब कई स्थानों पर टूट चुकी है, जिससे नाला खुला पड़ा है। बस स्टैंड होने के कारण यहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। दुकानदारों का कहना है कि खुले नाले के कारण हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। वहीं स्कूली बच्चों और पशुओं के लिए भी यह गंभीर खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों ने बताया कि नालों की समय-समय पर सफाई तो कराई जाती है, लेकिन कई लोग घरेलू कचरा और प्लास्टिक की थैलियां नालों में ही डाल देते हैं। इससे नालियां जाम हो जाती हैं और बरसात के दौरान पानी की निकासी बाधित हो जाती है, जिसके कारण जलभराव की समस्या और गंभीर हो जाती है।
इसके अलावा हाईवे के किनारे बड़ी मात्रा में कचरा डाले जाने से भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। आसपास के लोग सड़क किनारे कचरा डाल देते हैं, जिससे वहां कचरे के ढेर लग जाते हैं। इससे न केवल गंदगी फैलती है बल्कि वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है।
डुलानिया बस स्टैंड पर अतिक्रमण भी एक बड़ी समस्या बन चुका है। कई दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई है। ऐसे में बड़े वाहनों के निकलने में कठिनाई होती है और हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारियों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, जर्जर नालों की मरम्मत कर उन्हें सुरक्षित ढका जाए, नियमित सफाई के साथ कचरा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए तथा अतिक्रमण हटाकर बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात सुचारु किया जाए। उनका कहना है कि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2270975


