500 CCTV फुटेज से पंजाब तक पहुंची सीकर पुलिस:दबिश देकर 4 चोरों को पकड़ा, खाटूश्यामजी दर्शन के बहाने की रेकी, फिर की चोरी
500 CCTV फुटेज से पंजाब तक पहुंची सीकर पुलिस:दबिश देकर 4 चोरों को पकड़ा, खाटूश्यामजी दर्शन के बहाने की रेकी, फिर की चोरी
सीकर : सीकर पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करने के लिए करीब 500 CCTV फुटेज खंगाले और आखिरकार आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले खाटूश्यामजी के दर्शन करने पहुंचे और इसी दौरान इलाके की रेकी की।
वारदात को अंजाम देने से पहले उन्होंने अपनी गाड़ी काफी दूर खड़ी कर दी, ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। फिलहाल पुलिस चोरों से पूछताछ में जुट गई है। रविवार को एडिशनल एसपी डॉ. तेजपाल सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मामले का खुलासा किया।

पुलिस ने आरोपी सोनू कुमार(25) पुत्र सुरेश कुमार निवासी श्रीगंगानगर, लालसिंह(40) पुत्र करतार सिंह निवासी भटिंडा, रामकिशन(32) पुत्र सरजीत निवासी भटिंडा, विजय कुमार(27) पुत्र राजू कमार निवासी भटिंडा को पंजाब के मोरमंडी और आसपास के एरिया में दबिश देकर पकड़ा है।

मकान के पीछे की खिड़की तोड़कर घुसे थे चोर
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एडिशनल एसपी डॉ. तेजपाल सिंह ने बताया कि 9 जून को संजय कुमार ने गोकुलपुरा थाने पर मुकदमा दर्ज करवाया कि वह अपने परिवार के साथ घर के चौक में सो रहे थे। रात के समय चोर मकान की पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और फिर चोरी की। परिवार के लोग सुबह जागे तो कमरे अंदर से बंद मिलने पर चोरी का पता चला। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू की गई।
राजस्थान और पंजाब के 500 सीसीटीवी कैमरे खंगाले
एडिशनल एसपी ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस ने राजस्थान के 350 और पंजाब के 150 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए। इसके बाद गाड़ी के आधार पर आरोपियों का पता लगाते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी पहले भी मिलकर चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुके है। आरोपी इतने शातिर है कि हर बार चोरी करने के लिए अलग-अलग गाड़ी लेकर आते हैं और मोबाइल का यूज नहीं करते।

एक आरोपी ने खाटूश्यामजी के दर्शन के बहाने की रेकी
आगे उन्होंने बताया कि इन्हीं की गैंग का एक आरोपी खाटू में दर्शन करने के लिए आया था। उसने दर्शन के बाद आकर यहां पर रेकी की। इसके बाद गाड़ी लेकर आरोपी पंजाब से सीकर आए। उन्होंने चोरी करने के पहले गाड़ी को काफी दूर खड़ा किया। इसके बाद पैदल ही चोरी करने गए और चोरी करने के बाद राजगढ़, सिरसा होते हुए पंजाब पहुंच गए।
अब इन आरोपियों से चोरी किए गए माल के बारे में पूछताछ की जा रही है। वहीं चोरों की गिरफ्तारी में गोकुलपुरा पुलिस थाना SHO प्रीति बेनीवाल और हेड कॉन्स्टेबल राजपाल, कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश और हंसराज की विशेष भूमिका रही।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2220873


