इनोवेट चूरू बूट कैंप का समापन, युवाओं के नवाचारों ने दिखाई नए चूरू की तस्वीर
इनोवेट चूरू बूट कैंप का समापन, युवाओं के नवाचारों ने दिखाई नए चूरू की तस्वीर
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देशन में कोड चूरू कार्यक्रम के तहत नवाचार और उद्यमिता को नई दिशा देने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय स्थित इन्क्यूबेशन सेंटर में आयोजित ‘इनोवेट चूरू’ बूट कैंप का बुधवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित समारोह के साथ समापन हुआ। कार्यक्रम में चूरू विधायक हरलाल सहारण, पैरालिंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष पद्मभूषण देवेंद्र झाझड़िया, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा सहित विभिन्न अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे। इस दौरान प्रतिभागी टीमों ने अपने स्टार्टअप आइडियाज प्रस्तुत किए, जिन्हें अतिथियों और विशेषज्ञों ने सराहा।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि चूरू के युवाओं में प्रतिभा और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। जिला प्रशासन द्वारा उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और स्टार्टअप संस्कृति विकसित करने के लिए आयोजित यह बूट कैंप एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास क्षेत्र में रोजगार सृजन, आर्थिक विकास और सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की अहम भूमिका रहेगी। युवाओं को नवाचारों पर कार्य करते हुए रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
पैरालिंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष देवेंद्र झाझड़िया ने कहा कि चूरू का युवा अपनी मेहनत, संघर्षशीलता और जीवटता के लिए विशेष पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद यहां के युवा निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा युवाओं को उद्यमिता और नवाचार से जोड़ने के प्रयास सराहनीय हैं, जो उनके भविष्य को नई दिशा देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि चूरू जिला नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।
जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने प्रतिभागियों के अनुभवों और स्टार्टअप आइडियाज को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनकी सराहना की। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के दौर में केवल नौकरी तलाशने की मानसिकता से आगे बढ़कर रोजगार सृजन करने की सोच विकसित करनी होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचार और नवाचार न केवल चूरू बल्कि देश के विकास को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं।
जिला कलक्टर ने कहा कि युवा केवल यूजर नहीं बल्कि डेवलपर बनने का लक्ष्य रखें। स्टार्टअप्स की सफलता के लिए जोखिम उठाने की क्षमता, नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता और निरंतरता आवश्यक है। उन्होंने प्रतिभागियों से बूट कैंप के दौरान प्राप्त अनुभवों का व्यवहारिक उपयोग करने तथा टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही इन्क्यूबेशन सेंटर जैसी सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाकर जिले में नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप्स का मजबूत इकोसिस्टम विकसित करने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान ज्यूरी सदस्यों राकेश सहगल, राकेश प्रजापत, यतीश बेदी, विनोद कुमारी, गौरव शर्मा, पुनीत और सिद्धार्थ ने प्रतिभागियों के स्टार्टअप आइडियाज का मूल्यांकन किया। प्रतिभागी टीमों ने स्थानीय समस्याओं के समाधान, तकनीकी नवाचार और रोजगार सृजन पर आधारित कई अभिनव स्टार्टअप मॉडल प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों और विशेषज्ञों ने सराहा। कार्यक्रम का समापन युवाओं के उत्साह, नवाचार और उद्यमिता को नई दिशा देने के संकल्प के साथ हुआ।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2215196


