सरकारी कर्मचारी ने 7.50 लाख में खरीदा था पेपर:लीक पेपर से भाई का मेरिट में 18वां स्थान आया, सहायक लेखाधिकारी गिरफ्तार
सरकारी कर्मचारी ने 7.50 लाख में खरीदा था पेपर:लीक पेपर से भाई का मेरिट में 18वां स्थान आया, सहायक लेखाधिकारी गिरफ्तार
जयपुर : जयपुर SOG ने एसआई भर्ती परीक्षा-2021 का पेपर खरीदने वाले सरकारी कर्मचारी को सीकर से गिरफ्तार किया है। आरोपी सहायक लेखाधिकारी (AAO) नागेश कुमार यादव (32) लंबे समय से फरार चल रहा था।
नागेश ने अपने भाई सुरजीत सिंह यादव को सब-इंस्पेक्टर बनाने के लिए 7.50 लाख रुपए में अपने सहयोगी से पेपर खरीदा था। नागेश पर 10,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी के भाई को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी को सोमवार को एसओजी ने पकड़ा।
एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया- जांच में सामने आया कि RPSC के तत्कालीन सदस्य बाबूलाल कटारा से कुंदन कुमार पांडिया ने एसआई भर्ती परीक्षा-2021 के पेपर और आंसर लेकर परिचित संदीप कुमार लाटा और पुरुषोत्तम दाधीच को दिए थे। उस समय पुरुषोत्तम दाधीच स्थानीय निधि अंकेक्षण विभाग उदयपुर में सहायक लेखाधिकारी द्वितीय पद पर कार्यरत था। पुरुषोत्तम के साथी नागेश काम करता था।
विशाल बंसल ने बताया- नागेश कुमार यादव ने भाई सुरजीत सिंह यादव को एसआई भर्ती परीक्षा पास कराने के लिए 7.50 लाख रुपए में सौदा कर पुरुषोत्तम दाधीच से पेपर के सेट लिए थे। यह सामग्री वॉट्सएप से पुरुषोत्तम ने भेजी थी।
नागेश कुमार यादव ने परीक्षा से पहले भाई सुरजीत सिंह को पेपर उपलब्ध कराए। सुरजीत ने हिंदी विषय में 200 में से 190.79 अंक और सामान्य ज्ञान में 200 में से 158.27 अंक प्राप्त किए और मेरिट सूची में 18वां स्थान हासिल कर सब-इंस्पेक्टर पद पर अंतिम रूप से चयनित हो गया।
नागेश कुमार यादव तब पंचायत समिति अजीतगढ़ जिला सीकर में सहायक लेखाधिकारी द्वितीय के पद पर कार्यरत था। घटना के बाद वह ड्यूटी से अनुपस्थित होकर फरार हो गया था। एसओजी ने सीकर पुलिस के सहयोग से नागेश को गिरफ्तार कर लिया।
भाई सुरजीत को 2024 में किया था गिरफ्तार
मामले में सुरजीत सिंह यादव को 9 अक्टूबर 2024 को और पुरुषोत्तम दाधीच को 2 जून 2025 को गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों के खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र भी प्रस्तुत किए जा चुके हैं। एसओजी के अनुसार- उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में अब तक कुल 144 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच जारी है। वहीं अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2202195


