भक्ति के रंग में रंगा गिरधरपुरा शाहपुरा, भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीराम कथा का हुआ शुभारंभ
सरपंच महेंद्र सैनी बोले- 'छल-कपट के इस युग में केवल हरिभक्ति से ही संभव है मोक्ष'- सरपंच सैनी
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : कैलाश बबेरवाल
उदयपुरवाटी : कस्बे के निकटवर्ती गिरधरपुरा शाहपुरा ग्राम पंचायत में शनिवार को धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ सात दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य आगाज हुआ। कथा के शुभारंभ पर ठाकुर जी के मंदिर से महिलाओं द्वारा एक विशाल कलश यात्रा निकाली गई। सिर पर मंगल कलश धारण किए महिलाएं भजनों पर थिरकती और मंगल गीत गाती हुई चल रही थीं। यह कलश यात्रा ठाकुर जी के मंदिर से शुरू होकर शिशुवाला बालाजी मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ कलश स्थापित कर श्रीराम कथा की शुरुआत की गई। शिशुवाला बालाजी मंदिर परिसर में आयोजित इस सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में सुप्रसिद्ध कथावाचक यशोदानंदन ठाकुर महाराज द्वारा प्रतिदिन दोपहर 12:15 बजे से सायं 4:15 बजे तक श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान कराया जाएगा। कथा के समापन पर आगामी 7 जून को भव्य हवन एवं भंडारे (महाप्रसाद) का आयोजन किया जाएगा।

भक्ति के बिना जीवन में मोक्ष असंभव: सरपंच
कलश यात्रा और कथा के शुभारंभ के मौके पर मौजूद ग्राम पंचायत सरपंच महेंद्र सैनी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का मनुष्य भौतिकता की अंधी दौड़ में छल और कपट के सहारे अपना जीवन यापन कर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा, “यदि मनुष्य को जीवन के भवसागर को पार लगाना है, तो उसे भगवान की भक्ति का सहारा लेना ही होगा। बिना सच्ची भक्ति और प्रभु सुमिरन के मोक्ष प्राप्त करना पूरी तरह असंभव है। जो व्यक्ति ईश्वर की शरण में रहता है, उसके जीवन में हमेशा सुख-समृद्धि का प्रकाश बना रहता है।” इस भव्य कलश यात्रा और धार्मिक महोत्सव में महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान पंचायत समिति सदस्य बाबूलाल शर्मा, मदन सिंह शेखावत, महावीर सिंह शेखावत, पवन सैनी, बाबू लाल सैनी, बनवारी लाल सैनी, किशोर सिंह, दौलत सिंह, पवन सिंह, शिवपाल सैनी, बाबूलाल वर्मा, रंगलाल सेन और दशरथ सिंह सहित क्षेत्र के सैंकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2173691


