[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

नौतपा के तीखे तेवरों से मिली बड़ी निजात : उदयपुरवाटी में बरसे बदरा, आंधी के बाद हुई झमाझम बारिश ने घोली मौसम में ठंडक, भीषण गर्मी से मिली बड़ी राहत


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
उदयपुरवाटीझुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

नौतपा के तीखे तेवरों से मिली बड़ी निजात : उदयपुरवाटी में बरसे बदरा, आंधी के बाद हुई झमाझम बारिश ने घोली मौसम में ठंडक, भीषण गर्मी से मिली बड़ी राहत

स्टेट हाईवे पर गिरे पेड़ों को ग्रामीणों ने मुस्तैदी से हटाया, टला बड़ा हादसा : किसानों के चेहरे खिले, तापमान में भारी गिरावट से अंचल को मिली बड़ी राहत

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : कैलाश बबेरवाल

उदयपुरवाटी : विधानसभा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से नौतपा की आग में तप रहे लोगों के लिए शनिवार की शाम वरदान बनकर आई। क्षेत्र में अचानक बदले मौसम के मिजाज ने न सिर्फ चिलचिलाती धूप और उमस से निजात दिलाई, बल्कि झमाझम बारिश ने पूरे अंचल को ठंडी आगोश में ले लिया। आंधी के बाद हुई इस मानसूनी जैसी बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे आमजन और किसानों ने राहत की ठंडी सांस ली है।

धूल का गुबार छंटा और शुरू हुआ फुहारों का दौर
शनिवार शाम को अचानक आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हुई और देखते ही देखते तेज धूलभरी आंधी चलने लगी। हालांकि, आंधी के कारण कुछ देर के लिए जनजीवन ठहर सा गया था, लेकिन उसके तुरंत बाद शुरू हुए बारिश के दौर ने फिजा बदल दी। आंधी का गुबार शांत होते ही ठंडी हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम बेहद खुशनुमा हो गया। लंबे समय से भीषण गर्मी झेल रहे लोग इस सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए घरों और छतों पर निकल आए।

टीटनवाड़ में ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता, टल गया संकट
तेज अंधड़ के चलते स्टेट हाईवे-37 पर टीटनवाड़ गांव के पास कुछ पेड़ और होर्डिंग्स उखड़कर सड़क पर आ गिरे। इससे कुछ समय के लिए वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक जरूर लगा, लेकिन गनीमत रही कि उस समय वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सजगता दिखाई और प्रशासन के सहयोग से सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाकर यातायात को तुरंत सुचारु करवाया। ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में हादसों को रोकने के लिए नियमों के विरुद्ध लगे भारी-भरकम होर्डिंग्स को भी जल्द से जल्द हटाया जाना चाहिए।

किसानों और आमजन में खुशी की लहर
नौतपा के दौरान पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी से हर कोई बेहाल था। ऐसे में इस बारिश ने न केवल पारे को नीचे गिराया है, बल्कि आगामी फसलों की तैयारियों में जुटे किसानों के चेहरों पर भी चमक ला दी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बारिश से आने वाले एक-दो दिनों तक मौसम ऐसा ही सुहावना बना रहेगा और लोगों को लू के थपेड़ों से राहत मिलेगी।

Related Articles