कर्नल बैंसला की मूर्ति लगाने पर अड़ा गुर्जर समाज:प्रशासन बोला-टाइगर रिजर्व क्षेत्र है, कहीं और जमीन ले लो, विजय बैंसला ने कहा-मूर्ति यहीं लगेगी
कर्नल बैंसला की मूर्ति लगाने पर अड़ा गुर्जर समाज:प्रशासन बोला-टाइगर रिजर्व क्षेत्र है, कहीं और जमीन ले लो, विजय बैंसला ने कहा-मूर्ति यहीं लगेगी
सवाई माधोपुर : सवाई माधोपुर में कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की मूर्ति लगाने को लेकर गुर्जर समाज और पुलिस-प्रशासन आमने-सामने हो गए हैं। कुशालीपुरा में गुर्जर शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन चल रहा है। इसमें विजय सिंह बैंसला भी पहुंचे हैं। शुक्रवार को गुर्जर समाज ने मांग की कि गुर्जर आरक्षण शहीद स्मारक पर कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की मूर्ति लगाई जाए। वहीं प्रशासन का कहना है- यह जगह रणथंभौर टाइगर रिजर्व में आती है। इसके चलते यहां पर शहीद स्थल का निर्माण नहीं हो सकता है। वन विभाग ने एक एडवाइजरी भी जारी की है। डीएफओ मानस सिंह ने बताया- रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के कोर टाइगर हैबिटेट क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गैर-वानिकी गतिविधि बिना विधिक स्वीकृति के पूरी तरह प्रतिबंधित है।
विजय बैंसला बोले- फिर गुर्जरों पर गोली क्यों चलाई
वहीं सभा से पहले विजय बैंसला गुर्जर पिपलखेड़ा में आंदोलन की बरसी पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे। उन्होंने कहा- कुशाली दर्रा में लोग शहीद हुए। अब प्रशासन कह रहा है कि टाइगर रिजर्व में मूर्ति नहीं लगा सकते। तो जब गुर्जरों पर गोली चलाई गई थी, तब उन्हें फॉरेस्ट एरिया से बाहर लाकर मारना चाहिए था। अयोध्या का मंदिर बाबरी मस्जिद की जगह पर ही क्यों बनाया गया था, किसी और जगह मंदिर क्यों नहीं बना लिया गया? वहां पर आस्था का सवाल है, यहां भी हमारे लोगों ने जान दी है। यहां भी आस्था का सवाल है। मूर्ति तो वहीं (कुशाली दर्रा) लगेगी।
गुर्जर नेता बोले- मूर्ति जरूर लगेगी
सभा में गुर्जर नेता मुरली राम ने कहा- कर्नल किरोड़ी बैंसला हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन उनके बेटे विजय सिंह बैंसला मौजूद हैं। आपको इनके आदेश का पालन करना है। आपकी इच्छा है मूर्ति लगनी चाहिए तो मूर्ति जरूर लगेगी। बिना मूर्ति लगे इस जगह में कोई स्वाद नहीं है। अगर प्रशासन शांति बनाए रखता है तो शांति बनाए रखनी है। आसपास के लोगों को फोन कर बुला लो। मैं खंडार के तमाम सरदारों को धन्यवाद दूंगा। हम सब यहां 2 दिन से संघर्ष कर रहे हैं।
यहां कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की मूर्ति लगनी चाहिए तो लगनी चाहिए। मेरा सरकार से आग्रह है आप इसपर विचार करें। सम्मान से मूर्ति लग जाए तो ठीक, नहीं तो नहीं तो ये गुर्जर हैं। ये बगड़ावत कौम है। पटरियां उखाड़ दी ,बड़े आंदोलन कर दिए।

गोठवाल से कह दो- गुर्जर यहां मूर्ति लगाएंगे
गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के सदस्य चरण सिंह बैंसला ने कहा- सरकार चाहती है कि गुर्जर रोड जाम कर दें। हम ऐसा नहीं करेंगे। मैं इस भूमि को नमन करता हूं। विधायक जितेंद्र गोठवाल को कह दो। गुर्जर यहां मूर्ति लगाएंगे। सरकार गुर्जर को कमजोर न समझे, हमारे मसीहा आदेश करेंगे, सूरज उगते ही मूर्ति लगा देंगे। पुलिस हमें उकसा रही
गुर्जर आंदोलन में कर्नल किरोड़ी बैंसला साथी रहे भूरा भगत ने कहा- प्रशासन के लोग आने-जाने वाले लोगों को रोक रहे हैं। ये अच्छा संदेश नहीं है। हम सब काम प्यार से करना चाहते हैं।
पुलिस वालों ने हमें उकसाने का काम किया। सरकार को समझना चाहिए कि आखिर 46 डिग्री तापमान में गुर्जरों को बैठने की जरूरत क्यों पड़ी। भूरा भगत ने कहा- यहां लोग ज्यादा से संख्या में पहुंचे और कार्यक्रम को सफल बनाएं।
मूर्ति यहीं लगाई जाएगी, लेकिन हमारी ओर से शांति बनाए रखी जाएगी। हम पहले किसी को नहीं छेड़ेंगे और कोई हमें छेड़ेगा तो हम उसे छोड़ेंगे भी नहीं ।
देखें सभा स्थल की तस्वीरें…


समझिए पूरा मामला
गुर्जर आरक्षण के दौरान कुशालीपुरा में गुर्जर समाज के लोग शहीद हुए थे। यहां गुर्जर समाज की ओर से शहीद स्थल बनाने की मांग की जा रही है, लेकिन यह जगह रणथंभौर टाइगर रिजर्व में आती है। इसके चलते यहां पर शहीद स्थल का निर्माण नहीं हो सकता है।
आज इसी मुद्दे को लेकर यहां पर गुर्जर समाज के लोग इकट्ठा हुए। यहां पर तीन दिवसीय भगवान देवनारायण मेला और श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आज इस मेले का दूसरा दिन है। इसमें गुर्जर नेता विजय सिंह बैसला ने भी शिरकत की जिसके चलते यहां पर बड़ी संख्या में गुर्जर समाज के लोग इकट्ठा हुए हैं।
सभा में गुर्जर समाज ने प्रशासन से यहीं पर स्मारक और मूर्तियां लगाने की मांग रख दी है। गुर्जर समाज का कहना है कि मूर्ति यहीं लगेगी। वहीं प्रशासन की ओर से गुर्जर समाज अन्य दूसरी जगह मूर्ति लगाने के लिए जमीन देने की आवंटन की बात की जा रही है। अब तो मूर्ति वाले मामले में तो कतई नहीं रुके।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2173146


