सिंघाना-नानूवाली बावड़ी नेशनल हाईवे क्षतिग्रस्त, हादसों का बढ़ा खतरा
पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़क टूटी, वाहन चालक डिवाइडर से टकराने को मजबूर
खेतड़ी नगर : नानूवाली बावड़ी से सिंघाना तक बने नेशनल हाईवे मार्ग की हालत निर्माण के एक वर्ष के भीतर ही खराब होने लगी है। कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण करने वाली ठेका कंपनी ने पानी निकासी के लिए उचित नालियों का निर्माण नहीं किया, जिसके कारण बरसाती और गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है तथा सड़क जगह-जगह से दबकर टूट गई है।
डिवाइडर पर चढ़ी कार, टला बड़ा हादसा
बुधवार देर शाम सिंघाना की ओर जा रही एक टाटा नेक्सॉन कार आजाद मार्केट के पास वार्ड नंबर एक के समीप क्षतिग्रस्त सड़क को बचाने के प्रयास में डिवाइडर पर चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन करीब पांच मीटर तक डिवाइडर पर चलता रहा, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर वाहन को डिवाइडर से हटाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो पाया।

लोगों ने ठेकेदार पर लगाए गंभीर आरोप
कस्बेवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान पहले से बने पानी निकासी नाले को बंद कर दिया गया और उसके ऊपर सड़क बना दी गई। आजाद मार्केट के पास सड़क के बीच डिवाइडर तो बना दिया गया, लेकिन पानी की निकासी का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड नंबर एक और दो का पानी लगातार सड़क पर जमा रहता है, जिससे सीसी सड़क कमजोर होकर टूट गई है। सड़क पर बने गड्ढों और टूटे हिस्सों से बचने के प्रयास में वाहन चालक डिवाइडर पर वाहन चढ़ा देते हैं, जिसके कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं।
अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद कार्रवाई नहीं
कस्बेवासियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और पानी निकासी के लिए नाली निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि हादसों को रोकने के लिए तत्काल क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत करवाई जाए तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2172088


