30 मिनट में सिक गया पापड़, सरदारशहर में आसमान से हो रही अग्नि वर्षा और धरती उगल रही अंगारे
30 मिनट में सिक गया पापड़, सरदारशहर में आसमान से हो रही अग्नि वर्षा और धरती उगल रही अंगारे
सरदारशहर : सरदारशहर में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। बुधवार को शहर का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिसके चलते दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आईं और आमजन घरों में कैद रहने को मजबूर हो गए। आसमान से बरसती आग और तपती धोरों की धरती ने ऐसा माहौल बना दिया कि मानो पूरा शहर भट्टी में तब्दील हो गया हो। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त नजर आया। इसी भीषण गर्मी के बीच हमारे संवाददाता ने तपती रेत और जमीन की गर्मी को परखने के लिए एक अनोखा प्रयोग किया।
दोपहर करीब 1 बजकर 30 मिनट पर शहर के बाहरी क्षेत्र की तपती धोरों वाली जमीन पर एक पापड़ रखा गया। कुछ ही देर बाद जमीन की गर्मी अपना असर दिखाने लगी। करीब 15 मिनट बाद जब पापड़ को देखा गया तो वह आधा सिक चुका था। वहीं दोपहर 2 बजे दोबारा निरीक्षण किया गया तो पापड़ लगभग पूरी तरह से सिककर तैयार हो चुका था। यह नजारा देखने के लिए मौके पर आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए।
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी बुलाकी शर्मा और दीपक पांडिया ने बताया कि इस समय जमीन इतनी अधिक गर्म हो चुकी है कि उस पर कुछ देर खड़ा रहना भी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा महसूस हो रहा है मानो धरती आग उगल रही हो और नीचे भट्टी जल रही हो। दोनों ने बताया कि करीब 20 से 30 मिनट के भीतर पापड़ पूरी तरह सिक गया, जो इस बात का उदाहरण है कि इस समय गर्मी किस चरम पर पहुंच चुकी है। गर्मी और लू के कारण बाजारों में भी सन्नाटा देखने को मिला।
दोपहर के समय लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। तेज धूप से बचने के लिए लोग मुंह ढककर निकल रहे हैं, वहीं सड़क किनारे लगे पेड़ों की छांव में राहगीर राहत तलाशते नजर आए। चिकित्सकों ने भी लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर नहीं निकलने, अधिक से अधिक पानी पीने और लू से बचाव करने की सलाह दी है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में भी तापमान में विशेष राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों से सतर्क रहने और हीटवेव से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की जा रही है।

देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2169181

