पचेरी कलां में पेयजल संकट, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन:सड़क पर जाम लगाया, जल्द समाधान की मांग की
पचेरी कलां में पेयजल संकट, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन:सड़क पर जाम लगाया, जल्द समाधान की मांग की
पचेरी कलां : क्षेत्र में शनिवार को पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पचेरी से सहड़ जाने वाली सड़क पर कांटेदार झाड़ियां डालकर जाम लगा दिया। कुम्हारों के मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन और जलदाय विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द समाधान की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि मोहल्ले के करीब 100 घरों की आबादी पिछले तीन साल से लगातार पानी की समस्या से जूझ रही है। कई बार अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। भीषण गर्मी में पानी की किल्लत के कारण लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
पेयजल की समस्या के चलते कुछ लोग टैंकर डलवा लेते हैं, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर लोग टैंकर डलवाने में असमर्थ हैं। उन्हें पानी के लिए चक्कर काटने पड़ते हैं और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाई, लेकिन कोई समाधान न होने पर उन्हें मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा।
प्रदर्शन के कारण सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पचेरी कलां थाने से एएसआई हरिसिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से समझाइश कर जाम खुलवाया और संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर विरेन्द्र, कृष्ण कुमार, कालूराम, यादराम, ईश्वर, मोतीलाल, संतोष, सावित्री देवी, मंजू, रेखा, बबली और लक्ष्मी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2163793
