हीटवेव के दौरान हर घंटे पानी पिएं, स्वास्थ्य विभाग की आमजन से अपील
किसान, मजदूर, ट्रैफिक पुलिसकर्मी, दुकानदार और धूप में काम करने वाले लोग अधिक सावधानी बरतें
सीकर : प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से सतर्क रहने की अपील की है। तेज गर्मी के कारण शरीर में तेजी से पानी की कमी हो रही है, जिससे डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और लू लगने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को हर घंटे पानी पीने की आदत अपनानी चाहिए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया ने बताया कि कई लोग केवल प्यास लगने पर ही पानी पीते हैं, जबकि गर्मी के मौसम में शरीर लगातार पसीने के माध्यम से पानी खोता रहता है। इसलिए बिना प्यास लगे भी नियमित अंतराल पर पानी पीना बेहद जरूरी है। खासतौर पर खेतों में काम करने वाले किसान, मजदूर, ट्रैफिक पुलिसकर्मी, दुकानदार और धूप में काम करने वाले लोगों को अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी के साथ-साथ नींबू पानी, छाछ, बेल का शरबत, सत्तू, नारियल पानी और ओआरएस जैसे पेय पदार्थों का सेवन करना लाभकारी रहता है। वहीं अत्यधिक ठंडा पानी, कोल्ड ड्रिंक्स और तली-भुनी चीजों से दूरी बनाकर रखें।
दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में ना निकलें
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया ने बताया कि बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों को विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, सिर को ढककर रखने और हल्के सूती कपड़े पहनने की भी अपील की गई है।
हर घंटे पानी पिएं
उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ निर्मल सिंह ने बताया कि किसी व्यक्ति को तेज सिरदर्द, चक्कर, उल्टी, अत्यधिक पसीना, कमजोरी या बेहोशी जैसी समस्या महसूस हो तो उसे तुरंत छांव में लिटाकर पानी पिलाएं और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाएं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि श्हर घंटे पानी पिएं संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं, ताकि भीषण गर्मी के इस दौर में लोगों को सुरक्षित रखा जा सके।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2161593


