[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

दो माह से बूंद-बूंद पानी को तरसे ग्रामीण, महिलाओं का फूटा गुस्सा


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
खेतड़ीझुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

दो माह से बूंद-बूंद पानी को तरसे ग्रामीण, महिलाओं का फूटा गुस्सा

गोठड़ा में नेशनल हाईवे पर उतरीं महिलाएं, जलदाय विभाग को 3 दिन का अल्टीमेटम; समाधान नहीं हुआ तो हाईवे जाम की चेतावनी

खेतड़ी : भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट से जूझ रहे गोठड़ा गांव में सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। वार्ड नंबर 1 और 2 की दर्जनों महिलाएं व पुरुष नेशनल हाईवे पर पहुंच गए और जलदाय विभाग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले दो महीनों से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति ठप पड़ी है और लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं।

गर्मी बढ़ी तो गहराया जल संकट

ग्रामीणों का कहना है कि तापमान बढ़ने के साथ ही पानी की किल्लत विकराल रूप ले चुकी है। घरों में पीने तक का पानी उपलब्ध नहीं है, जबकि क्षेत्र कुंभाराम नहर परियोजना से जुड़ा हुआ है। इसके बावजूद नियमित जलापूर्ति नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है।

“नहर है, लेकिन पानी नहीं”

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि गांव के लोगों को पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है। कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों को शिकायतें दी गईं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

हाईवे पर पहुंचे ग्रामीण, पुलिस ने संभाला मोर्चा

नेशनल हाईवे पर प्रदर्शन की सूचना मिलते ही खेतड़ी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर समझाइश की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ।

तीन दिन का अल्टीमेटम, फिर होगा बड़ा आंदोलन

प्रदर्शन के दौरान वार्डवासियों ने प्रशासन और जलदाय विभाग को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में पेयजल संकट का समाधान नहीं हुआ तो नेशनल हाईवे जाम कर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

मजदूर और अनुसूचित जाति परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित

ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड नंबर 1 और 2 में बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति एवं मजदूर वर्ग के परिवार निवास करते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर इन परिवारों के लिए पानी खरीदना संभव नहीं है। ऐसे में लगातार बनी जल संकट की स्थिति उनके जीवन को और कठिन बना रही है।

ग्रामीणों की मांग है कि जलदाय विभाग तत्काल प्रभाव से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करे, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।

Related Articles