[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

जनगणना-2027 के प्रथम चरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 90 प्रगणक और एक पर्यवेक्षक सम्मानित


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
चूरूटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

जनगणना-2027 के प्रथम चरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 90 प्रगणक और एक पर्यवेक्षक सम्मानित

मकान सूचीकरण व मकान गणना कार्य में रखें आपसी समन्वय, बेहतर हों फील्ड गतिविधियां : सुराणा

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान

चूरू : प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने कहा है कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य” को सफल बनाने के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के बीच बेहतर समन्वय, संवाद और टीम भावना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी कार्मिक जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण हो सके।

जिला मुख्यालय स्थित जिला परिषद सभागार में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने अपने आवंटित हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) में शत-प्रतिशत स्वगणना सुनिश्चित कराने वाले 90 प्रगणकों एवं एक पर्यवेक्षक को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान सम्मानित कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसी आधार पर सरकार भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करती है।

उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर कार्य करने वाले प्रगणक एवं पर्यवेक्षक आमजन से सीधे संपर्क में रहते हैं, इसलिए उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि किसी भी स्तर पर कोई संशय या समस्या उत्पन्न होती है तो उसे आपसी समन्वय और जिला व चार्ज स्तर पर मार्गदर्शन लेकर तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने सभी कार्मिकों से नागरिकों के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित कर जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

जिला कलक्टर सुराणा ने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि वे जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा मांगी गई जानकारी सही और स्पष्ट रूप से उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के अभियान को सफल बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में विभिन्न चार्ज क्षेत्रों से उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों को सम्मानित किया गया। इनमें तारानगर ग्रामीण के 5, बीदासर ग्रामीण के 2 एवं शहरी के 4, भानीपुरा के 3, रतनगढ़ ग्रामीण के 8, राजगढ़ ग्रामीण के 11 एवं शहरी के 4, राजलदेसर ग्रामीण के 3 एवं शहरी के 8, सरदारशहर ग्रामीण के 1, सिद्धमुख ग्रामीण के 3 तथा सुजानगढ़ ग्रामीण के 35 एवं शहरी के 3 प्रगणक शामिल रहे।

सम्मानित प्रगणकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि घर-घर संपर्क, व्यक्तिगत संवाद और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि आमजन में जनगणना को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है और लोग स्वेच्छा से जानकारी उपलब्ध करवा रहे हैं।

इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर अर्पिता सोनी, उप जिला जनगणना अधिकारी एवं सांख्यिकी उपनिदेशक डॉ. रामगोपाल सेपट, सुनील बुडानिया, गुरप्रीत लबाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles