“जनता की समस्याओं को अपनी जिम्मेदारी समझें” – प्रभारी सचिव नवीन जैन ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
वर्षा जल संरक्षण पर विशेष जोर, “टांका कल्चर” को पुनर्जीवित करने की अपील
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : चंद्रकांत बंका
झुंझुनूं : जिले के प्रभारी सचिव नवीन जैन ने गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनता की समस्याओं को अपने परिवार की समस्याओं की तरह समझें और उनका प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं, बजट घोषणाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। प्रभारी सचिव ने विभागवार समीक्षा करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन और आमजन को मिल रहे लाभ पर अधिकारियों से फीडबैक लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं में रिक्त पदों पर जताई चिंता
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान नवीन जैन ने पीएचसी और सीएचसी में रिक्त पदों को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को डेपुटेशन के माध्यम से चिकित्सकीय एवं अन्य आवश्यक पदों पर कार्मिक लगाने के प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।
“टांका कल्चर” को बढ़ावा देने की अपील
प्रभारी सचिव ने वर्षा जल संरक्षण को लेकर विशेष जोर देते हुए कहा कि जल संकट का स्थायी समाधान केवल जल संरक्षण से ही संभव है। उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पारंपरिक “टांका कल्चर” को पुनर्जीवित करने और इसे जन आंदोलन का रूप देने की आवश्यकता बताई। अधिकारियों से आमजन को जागरूक करने और वर्षा जल संग्रहण को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गए।
किसानों और योजनाओं पर भी फोकस
बैठक में कृषि विभाग की योजनाओं जैसे फार्म पॉन्डिंग और तारबंदी योजना की समीक्षा करते हुए अधिकाधिक किसानों तक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया। साथ ही समर्थन मूल्य पर खरीद, बारदाने की उपलब्धता, मंगला पशु बीमा योजना, पंचगौरव कार्यक्रम, पर्यटन विकास, एचपीवी टीकाकरण अभियान और जनगणना तैयारियों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
रात 8 बजे बाद शराब बिक्री पर सख्ती के निर्देश
प्रभारी सचिव ने जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि रात 8 बजे बाद शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध की सख्ती से पालना करवाई जाए तथा नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पीएम विश्वकर्मा योजना की समीक्षा
बैठक में पीएम विश्वकर्मा योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए एलडीएम गोपाल प्रसाद को लाभार्थियों के लंबित ऋण प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराने और बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए।
पीसीपीएनडीटी जागरूकता पोस्टर का विमोचन
बैठक के बाद प्रभारी सचिव नवीन जैन ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार किए गए पीसीपीएनडीटी जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने आमजन से गर्भस्थ शिशु के लिंग परीक्षण से दूर रहने और “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान जिला परिषद सीईओ कैलाश यादव, अतिरिक्त जिला कलक्टर अजय कुमार आर्य सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2152231


