[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

ईशकपुरा हत्याकांड: मुख्य आरोपी सहित तीन गिरफ्तार:पुलिस ने पहाड़ियों से पकड़ा, भागने के दौरान मुख्य आरोपी घायल


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्यसिंघाना

ईशकपुरा हत्याकांड: मुख्य आरोपी सहित तीन गिरफ्तार:पुलिस ने पहाड़ियों से पकड़ा, भागने के दौरान मुख्य आरोपी घायल

ईशकपुरा हत्याकांड: मुख्य आरोपी सहित तीन गिरफ्तार:पुलिस ने पहाड़ियों से पकड़ा, भागने के दौरान मुख्य आरोपी घायल

सिंघाना : सिंघाना थाना क्षेत्र के ईशकपुरा गांव में युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मंगलवार को इस सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए क्षेत्र की पहाड़ियों में छिपे हुए थे, जहां से उन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया।

घायल आरोपी से अवैध हथियार भी बरामद

थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया- घायल आरोपी विजय कुमार को इलाज के लिए सिंघाना के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है। साथ ही वारदात में शामिल अन्य संभावित आरोपियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस मामले के खुलासे को लेकर पुलिस के उच्च अधिकारी जिला मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे।

इस पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी सुगन सिंह, डीएसटी प्रभारी शशिकांत शर्मा, हरिश गांधी, चौखाराम, दिनेश कुमार और अजय भालोठिया सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पीड़ित की इलाज के दौरान हुई थी मौत

पुलिस के अनुसार फायरिंग की घटना शुक्रवार शाम की है। ईशकपुरा गांव में आपसी कहासुनी के बाद आदतन अपराधी विजय कुमार ने डूमोली कलां निवासी मुकेश कुमार पर गोली चला दी थी। उस समय मुकेश कुमार अपनी स्कूटी लेने के लिए सिंघाना जा रहे थे। गोली लगने के बाद मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत सिंघाना के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के दौरान बदमाशों ने भागते समय गांव के ही योगेश पर भी फायरिंग की थी।

आरोपी विजय कुमार को इलाज के लिए सिंघाना के राजकीय अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
आरोपी विजय कुमार को इलाज के लिए सिंघाना के राजकीय अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।

पहाड़ी में घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमों का गठन किया। इसके साथ ही डीएसटी (डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम) को भी जांच में लगाया गया। डीएसटी टीम को सूचना मिली कि ईशकपुरा हत्याकांड का मुख्य आरोपी विजय कुमार अपने दो साथियों के साथ इलाके की एक पहाड़ी में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और डीएसटी की टीम ने मौके पर पहुंचकर पहाड़ी की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन भागते समय मुख्य आरोपी विजय कुमार पहाड़ी से गिरकर घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर ईशकपुरा निवासी विजय कुमार, भोदन निवासी सोमवीर और नानूवाली बावड़ी निवासी अजीत को गिरफ्तार कर लिया।

ग्रामीणों ने लगाया था जाम

ईशकपुरा हत्याकांड में तीन दिन तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। आक्रोशित ग्रामीणों ने डूमोली खुर्द स्टैंड पर सिंघाना–नारनौल सड़क को जाम कर दिया था। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, गवाहों की सुरक्षा और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग उठाई थी। पुलिस ने करीब दो घंटे तक ग्रामीणों को समझाइश दी और आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

इसके साथ ही गवाहों की सुरक्षा के लिए डूमोली कलां और ईशकपुरा गांव में हथियारबंद जवान तैनात करने की बात भी कही गई थी। आखिरकार घटना के चौथे दिन पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल कर ली।

Related Articles