[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत झुंझुनूं में जागरूकता रैली


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत झुंझुनूं में जागरूकता रैली

शहीद कर्नल जे.पी. जानू स्कूल से कलेक्ट्रेट तक निकाली गई रैली

झुंझुनूं : बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन और जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” के तहत शनिवार को झुंझुनूं में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

रैली को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. महेंद्र के सिंह सोलंकी, बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक अरविंद ओला, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी नेहा झाझड़िया और जिला युवा अधिकारी मधु यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह रैली शहीद कर्नल जे.पी. जानू राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से शुरू होकर रोड नंबर-1 से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट परिसर तक निकाली गई। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं और अधिकारियों ने बाल विवाह के खिलाफ नारे लगाते हुए आमजन को जागरूक किया।

रैली के समापन पर सूचना केंद्र सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. महेंद्र के सिंह सोलंकी ने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जो बच्चों के अधिकारों का हनन करती है और उनके उज्ज्वल भविष्य को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि कानून द्वारा निर्धारित आयु से कम उम्र में विवाह करना दंडनीय अपराध है और समाज के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह इस कुरीति को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाए।

उन्होंने बताया कि बाल विवाह के कारण बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। विशेष रूप से बालिकाओं के लिए यह समस्या अधिक गंभीर होती है, क्योंकि कम उम्र में विवाह होने से उनकी शिक्षा बाधित होती है और स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने युवाओं से अपने परिवार और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक अरविंद ओला ने कहा कि बाल विवाह को रोकना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि कहीं बाल विवाह की सूचना मिले तो 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर शिकायत की जा सकती है, जिसमें शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर जिला अल्पसंख्यक अधिकारी नेहा झाझड़िया, जिला युवा अधिकारी मधु यादव, सहायक जनसंपर्क अधिकारी विकास चाहर, सहायक आचार्य डॉ. विकास मील, राजकीय सम्प्रेक्षण एवं किशोर गृह के अधीक्षक अंकित मील, सामाजिक कार्यकर्ता विकेश सिहाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles