मुकुंदगढ़ में ATM लूट की बड़ी साजिश नाकाम : उखाड़ा गया ATM मौके पर ही छोड़ा
स्कॉर्पियो सवार बदमाश एटीएम छोड़कर फरार, पुलिस की सतर्कता से टली वारदात
जनमानस शेखावाटी संवाददाता : रविन्द्र पारीक
मुकुंदगढ़ : कस्बे में बीती रात पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी एटीएम लूट की वारदात नाकाम हो गई। मंडी से झुंझुनूं रोड पर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को बदमाशों ने निशाना बनाया, जिसमें करीब 20 लाख रुपए जमा थे।
जानकारी के अनुसार रात करीब डेढ़ बजे ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार होकर आए बदमाशों ने सबसे पहले एटीएम में लगे कैमरों पर काला स्प्रे कर दिया। इसके बाद मोटी रस्सी बांधकर स्कॉर्पियो की मदद से एटीएम को उखाड़ लिया। एटीएम उखड़ने के दौरान कमरे के शीशे टूट गए, जिससे तेज आवाज हुई। आवाज सुनकर पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना समय गंवाए गश्त कर रही गाड़ी को मौके पर भेजा। पुलिस के पहुंचने तक बदमाश एटीएम मशीन को गाड़ी में डालने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन सफल नहीं हो सके। पुलिस वाहन को देखते ही बदमाश एटीएम मशीन मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने मंडी, कसेरू अंडरपास और हाईवे के रास्ते बदमाशों का पीछा किया, लेकिन आरोपी जेजूसर की ओर भागते हुए पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। इसके बाद पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई गई है। देर रात बैंककर्मी भी मौके पर पहुंचे।
सीआई ताराचंद ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। एटीएम मशीन क्षतिग्रस्त हुई है, लेकिन उसमें रखा कैश पूरी तरह सुरक्षित है। उल्लेखनीय है कि इस एटीएम में नकद जमा और निकासी दोनों की सुविधा है तथा बुधवार को ही इसमें 20 लाख रुपए डाले गए थे।

यह डेढ़ महीने के भीतर झुंझुनूं जिले में एटीएम लूट की तीसरी नाकाम कोशिश है। इससे पहले 15 नवंबर 2025 को नवलगढ़ कस्बे में भी बदमाशों ने दो एटीएम लूटने का प्रयास किया था, जिसे पुलिस ने विफल कर दिया था। उस मामले में पुलिस ने करीब 500 किलोमीटर पीछा कर एक महीने की मशक्कत के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19








Total views : 2067408


