शेखावाटी को यमुना से मिलेगा भरपूर पानी : ऐतिहासिक हवेलियां होंगी संरक्षित, पर्यटन का होगा विस्तार, सीकर व झुंझुनूं जिलों को 539 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात
CM भजनलाल बोले-जो मिला वो खाया,कांग्रेस का हाजमा बड़ा:70 साल तक ठगने का काम किया, शेखावाटी के लोगों के लिए फिल्म अभी बाकी है
झुंझुनूं : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार विरासत के संरक्षण के साथ-साथ विकास के मूल मंत्र पर संकल्पित होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गत दो वर्षों में प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना के विकास को नई गति मिली है।
मुख्यमंत्री बुधवार को सीकर जिले के रामगढ़ शेखावाटी में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शेखावाटी के उद्यमियों में समाज सेवा और परोपकार की भावना कूट-कूटकर भरी है। इस क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में सेना एवं सशस्त्र बलों में सेवा देकर मातृभूमि की रक्षा कर रहे हैं।

शेखावाटी की हवेलियां पर्यटन हब के रूप में होंगी विकसित
मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखावाटी की ऐतिहासिक हवेलियां हमारी अमूल्य धरोहर हैं, जिनके संरक्षण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। झुंझुनूं, सीकर और चूरू जिलों की 662 ऐतिहासिक हवेलियों को संरक्षण एवं पुनरुद्धार के लिए चिन्हित किया गया है। इन्हें पर्यटन हब के रूप में विकसित कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया जाएगा। इनके संरक्षण के लिए राज्य सरकार अलग कानून भी लाएगी।
फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन नीति से मिलेगा लाभ
शर्मा ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र फिल्मों की शूटिंग के लिए हमेशा से पसंदीदा रहा है। राजस्थान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण का केंद्र बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन नीति-2025 लागू की है। इससे पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
यमुना जल समझौते की डीपीआर पर काम शुरू
मुख्यमंत्री ने बताया कि शेखावाटी क्षेत्र में पर्याप्त जल उपलब्ध कराने के लिए यमुना जल समझौते की क्रियान्विति की जा रही है। इसकी डीपीआर तैयार करने का कार्य प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शेखावाटी को यमुना का भरपूर पानी मिलेगा और यह क्षेत्र हरित-समृद्ध बनेगा। साथ ही राम जल सेतु लिंक परियोजना को भी तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है।
गरीब कल्याण के संकल्प को कर रही साकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गरीब, किसान, युवा एवं महिला कल्याण के संकल्प को राज्य सरकार मजबूती से आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में लखपति दीदी योजना के तहत अब तक 19 लाख 45 हजार महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है, जिनमें से 12 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की सहायता राशि 5 हजार से बढ़ाकर 6 हजार 500 रुपये की गई है, जिससे अब तक लगभग 10 लाख महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। वहीं, लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 1.50 लाख रुपये का भुगतान किया जा रहा है, जिसमें पहली किस्त से 4 लाख 60 हजार बालिकाओं को लाभ मिला है। पशुपालकों को दूध पर 5 रुपये प्रति लीटर अनुदान दिया जा रहा है तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दूध उपलब्ध कराया जा रहा है।
युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 92 हजार पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं और 1 लाख 53 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। राज्य सरकार पांच वर्षों में 4 लाख सरकारी नौकरियों का लक्ष्य पूरा करेगी। युवाओं को रोजगार प्रदाता बनाने के लिए नई युवा नीति भी लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने संकल्प पत्र के 70 प्रतिशत वादे दो वर्षों में ही पूरे कर लिए हैं।
दो साल में पांच साल से ज्यादा काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने दो वर्षों में पूर्ववर्ती सरकार के पांच वर्षों से अधिक कार्य किए हैं। दो साल में बिजली उत्पादन क्षमता में 6,363 मेगावाट की वृद्धि की गई, जबकि पूर्व सरकार ने पांच वर्षों में 3,952 मेगावाट की ही बढ़ोतरी की थी। इसी प्रकार गौशालाओं को 3,433 करोड़ रुपये की सहायता, 15,684 किमी सड़क निर्माण, 85 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा तथा 35 हजार से अधिक फार्म पौंड का निर्माण किया गया।
539 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सीकर जिले के लिए 155 करोड़ रुपये से अधिक तथा झुंझुनूं जिले के लिए 384 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें रेलवे ओवरब्रिज, फोर-लेन सड़क, अस्पताल, सौंदर्यीकरण कार्य, आरडीएसएस योजना के अंतर्गत विद्युत विकास कार्य सहित अनेक योजनाएं शामिल हैं।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को स्कूटियां वितरित कीं।
कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा, विभिन्न विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19








Total views : 2040200


