सरदारशहर-बीकानेर सड़क पर उड़ती मिट्टी, लोग परेशान:सड़क के दोनों ओर मिट्टी हटाने की मांग, क्षेत्रवासी बोले- नियमित रूप से छिड़काव करें
सरदारशहर-बीकानेर सड़क पर उड़ती मिट्टी, लोग परेशान:सड़क के दोनों ओर मिट्टी हटाने की मांग, क्षेत्रवासी बोले- नियमित रूप से छिड़काव करें
सरदारशहर : सरदारशहर से बीकानेर जाने वाली मुख्य सड़क पर कुबेर कॉटेज से रेलवे फाटक तक पिछले लगभग एक वर्ष से उड़ रही मिट्टी स्थानीय लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। सड़क के दोनों ओर जमा ढीली मिट्टी दिनभर हवा में उड़ती रहती है, जिससे पूरे रास्ता पर धुंधलका छाया रहता है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस रास्ता पर पैदल चलना, बाइक से गुजरना और यहां तक कि आसपास के घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है। उड़ती धूल के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

मार्केट एसोसिएशन के सदस्यों ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर परिषद, एसडीएम, तहसीलदार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और टोल संचालक तक को कई बार अवगत कराया गया है। हालांकि, एक वर्ष बीतने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
स्थानीय निवासी बुलाकी शर्मा और एडवोकेट गौरव कुरील ने बताया कि सड़क पर लगातार उड़ती मिट्टी के कारण सांस संबंधी बीमारियां, खांसी और दम जैसी शिकायतें बढ़ रही हैं। धूल के कण हवा के साथ उड़कर आसपास के घरों और दुकानों तक पहुंच रहे हैं, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

ये ध्यान देने योग्य है कि इस मुख्य सड़क से प्रतिदिन कई बड़े जनप्रतिनिधि और अधिकारी गुजरते हैं। इनमें पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा, सरदारशहर विधायक अनिल शर्मा, नगरपरिषद सभापति राजकरण चौधरी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मधुसूदन राजपुरोहित, सरस डेयरी अध्यक्ष लालचंद मुंड, एसडीएम, तहसीलदार और नगरपरिषद आयुक्त जैसे अधिकारी शामिल हैं।

इसके बावजूद, एक वर्ष से ये समस्या जस की तस बनी हुई है, जो प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। सरदारशहर रीको इंडस्ट्रीज एरिया में भी ढीली मिट्टी, टूटी सड़कों और बदहाल प्रबंधन के कारण धूल का भयंकर प्रदूषण फैल रहा है, जिससे वहां भी लोगों का रहना दूभर हो गया है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि सड़क के दोनों ओर की मिट्टी को हटाया जाए, नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाए और सड़क किनारे धूल नियंत्रण की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि जनता को इस रोजमर्रा की परेशानी से राहत मिल सके।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19








Total views : 2035964
