झुंझुनूं में स्कॉर्पियो में लगी आग,पांच बच्चे अंदर फंसे:भांजी की शादी में भात भरने जा रहे थे; गाड़ी के शीशे तोड़ सभी को बाहर निकाला
झुंझुनूं में स्कॉर्पियो में लगी आग,पांच बच्चे अंदर फंसे:भांजी की शादी में भात भरने जा रहे थे; गाड़ी के शीशे तोड़ सभी को बाहर निकाला
झुंझुनूं : झुंझुनूं में चलती स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई। इसमें आठ लोग सवार थे। हादसे के दौरान गाड़ी लॉक हो गई और पांच बच्चों समेत एक युवक इसमें फंस गया। हादसा जिले के मुकुंदगढ़ थाने के डाबड़ी बलौदा गांव में शुक्रवार दोपहर 3 बजे हुआ। कार में अनवर और नदीम के साथ इनके बड़े भाई का बेटा और उनका उनका एक दोस्त भी था। ये सभी अपनी बहन के यहां भात भरने जा रहे थे। आग लगने के बाद नदीम सबसे पहले बाहर निकला और अपने भाई को बाहर निकाला। इसके बाद गाड़ी के शीशे तोड़ कार में फंसे पांच बच्चों और उनके दोस्त अजय को बाहर निकाला।
घर से तीन किलोमीटर की दूरी पर हुआ हादसा
नदीम और अनवर की बहन खेरूना भोड़की (गुढ़ागौडजी) में रहती है। शुक्रवार को इनकी भांजी खुशी की शादी थी। इसी में भात भरने के लिए दोपहर तीन बजे दोनों भाई अपने बच्चों और दोस्त के साथ घर से निकले थे। कार में नदीम के बच्चे आरजू (14), अयान (13), आलिया (10), अनवर की बेटी तमन्ना (15) और इनके बडे़ भाई सद्दाम के तीन साल का बेटा अदनान के साथ इनका दोस्त अजय नायक (25) भी था।
सभी आठ लोग स्कॉर्पियो में भोड़की गांव जाने के लिए निकले थे। कार अनवर ड्राइव कर रहा था। घर से तीन किलोमीटर आगे निकलते ही कुमावास-देलसर मार्ग पर बोनट में से धुआं निकलने लगा। अनवर से गाड़ी में धुआं उठता देख उसे बंद करने की कोशिश की लेकिन वह बंद नहीं हो पाई। ऐसे में आग फैलने लगी तो वह बाहर निकला। इसके बाद गाड़ी के सारे गेट लॉक हो गए थे। इस पर उसने पत्थर से गाड़ी का शीशा तोड़ा और अपने भाई नदीम को बाहर निकाला।
पीछे वाली सीट पर थे बच्चे और दोस्त, शीशे तोड़कर बाहर निकाला
नदीम, अनवर के बच्चे, भतीजा और उनका दोस्त पीछे वाली सीट पर बैठे थे। बीच सड़क कार में आग लगते देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद नदीम और अनवर ने कार के सभी शीशे तोड़े और अंदर से गेट खोल सभी को बाहर निकाला। इस बीच कार पूरी तरह से आग की लपटों से घिर चुकी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन गाड़ी पूरी तरह से जल चुकी थी।

कार में रखा कैश और भात का समान जला, नदीम भी झुलसा
अनवर ने बताया कि भात ले जाने के लिए गाड़ी में करीब 8 लाख रुपए का सामान था। इसमें दो लाख रुपए कैश और पांच लाख रुपए का बाकी सामान था जो पूरे जल गए। वहीं सामान में एक तोला सोना और 60 तोला चांदी भी थी। गनीमत रही कि समय रहते बच्चों को बचा लिया गया। वहीं इस हादसे में नदीम भी करीब 8 से 10 प्रतिशत तक झुलस गया, जिसे इलाज के गुढ़ागौडजी के सरकारी अस्पताल लेकर आए। अनवर ने बताया कि वे काफी समय से इस गाड़ी को चला रहे थे, कभी ऐसी समस्या नहीं आई। लेकिन, आज अचानक आग लग गई और पूरी गाड़ी जल गई।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2039700


