रामेश्वर डूडी को भानीपुरा में दी श्रद्धांजलि:जाट जागृति संस्थान ने आयोजित की सभा, वक्ता बोले-सामाजिक न्याय के लिए समर्पित किया जीवन
रामेश्वर डूडी को भानीपुरा में दी श्रद्धांजलि:जाट जागृति संस्थान ने आयोजित की सभा, वक्ता बोले-सामाजिक न्याय के लिए समर्पित किया जीवन

सरदारशहर : सरदारशहर के भानीपुरा में बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामेश्वर डूडी को श्रद्धांजलि दी गई। जाट जागृति संस्थान ने उनकी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इस सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और संस्थान के पदाधिकारी मौजूद रहे।
सभी उपस्थित लोगों ने किसान नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में फुसा राम हुड्डा, ईश्वर राम डूडी, सहीराम सारण, संताल मील, केशर राम हुड्डा, फूलाराम हुड्डा, फुशराम, बीरबल राम, राजूराम रनवा और परमाराम हुड्डा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री बृजलाल ढाका ने किया।
वक्ताओं ने कहा- रामेश्वर डूडी राजस्थान की राजनीति में किसानों की आवाज़ के रूप में जाने जाते थे। वे बीकानेर संसदीय क्षेत्र से सांसद रहे और राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता के पद पर भी कार्य किया। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। कांग्रेस संगठन में विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों के हितों के लिए निरंतर संघर्ष किया। राजस्थान राज्य सहकारी बैंक (RCB) के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने किसानों को सस्ती ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध कराने और सहकारिता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वक्ताओं ने कहा कि रामेश्वर डूडी का जीवन किसानों के अधिकारों और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित था, और वे सच्चे अर्थों में “किसान केशरी” थे। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।