खेलों में गूँजा सिंघानिया विश्वविद्यालय का नाम साइक्लिंग से लेकर रग्बी और कबड्डी तक

पचेरी कलां : सिंघानिया विश्वविद्यालय लगातार खेलों में उत्कृष्टता का प्रतीक बनता जा रहा है।29 सितम्बर को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित 69वीं राजस्थान राज्य स्तरीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साइकिल प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी नीलिमा यादव द्वारा किया गया। यह आयोजन विद्यालय स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम साबित हुआ।
इसके बाद 3 अक्टूबर को विश्वविद्यालय प्रबंधन के सहयोग से प्रायोजित राजस्थान पैरा रग्बी राज्य टीम ने ग्वालियर में आयोजित नेशनल चैम्पियनशिप के अपने पहले मैच में छत्तीसगढ़ को हराकर शानदार जीत दर्ज की। उसी दिन खेलों का रोमांच और बढ़ा जब सिंघानिया विश्वविद्यालय के खेल विभाग के नेतृत्व में विश्वविद्यालय की कबड्डी टीम ने अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी चैम्पियनशिप में अजमेर विश्वविद्यालय को पराजित कर शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर सिंघानिया विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार (भारतीय प्रशासनिक सेवा, सेवानिवृत्त) ने कहा कि “विश्वविद्यालय सदैव खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करता रहा है। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि साइक्लिंग, रग्बी और कबड्डी जैसे विविध खेलों में खिलाड़ी विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं।”
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। विश्वविद्यालय निरंतर खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के लिए संकल्पित है।