लक्ष्मणगढ़ में घट स्थापना के साथ शुरू हुआ दुर्गा पूजा महोत्सव, सार्वजनिक पंडालों में सजा मैय्या का दरबार
लक्ष्मणगढ़ में घट स्थापना के साथ शुरू हुआ दुर्गा पूजा महोत्सव, सार्वजनिक पंडालों में सजा मैय्या का दरबार

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : नैना शेखावत
लक्ष्मणगढ़ : लक्ष्मणगढ़ उपखंड क्षेत्र में आज शारदीय नवरात्रा की शुरुआत घट स्थापना के साथ हुई। घर-घर घट स्थापना के साथ ही शहर के करीब दो दर्जन सार्वजनिक पंडालों में दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया। महिलाओं द्वारा निकाली गई कलश यात्रा के साथ पूजा का शुभारंभ किया गया। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए दुर्गा पूजा स्थल पहुंची और वहां घट स्थापना के साथ महोत्सव का उद्घाटन हुआ।
लक्ष्मणगढ़ के तोदी कुई, पोस्ट ऑफिस सीकर रोड, लालकुआं घंटाघर, मोहनवाड़ी, न्यामा बाजार, इंदिरा गांधी चौक और भैरव भवानी चौक सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन जारी है। तोदी कुई दुर्गा पूजा महोत्सव समिति के अध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि यह आयोजन 1981 से लगातार चल रहा है।
दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान मैय्या के दरबार में सुबह और शाम को विशेष आरती आयोजित की जाती है, जिससे लक्ष्मणगढ़ कस्बा महोत्सव के दौरान मिनी बंगाल का रूप धारण कर लेता है। विजयदशमी के दिन महोत्सव में मां दुर्गा की विशाल शोभायात्रा निकाली जाती है, जिसमें नगरवासी और श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।
इंदिरा गांधी चौक दुर्गा पूजा महोत्सव समिति द्वारा चूड़ीवाले बालाजी मंदिर से महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली, जो शहर के मार्गों से होते हुए इंदिरा गांधी चौक पहुंची और वहां घट स्थापना के साथ दुर्गा पूजा महोत्सव का विधिवत रूप से शुभारंभ किया गया।