वकील पर हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार:जमीन विवाद में वकील पर लाठी-कुल्हाड़ी से किया था हमला
वकील पर हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार:जमीन विवाद में वकील पर लाठी-कुल्हाड़ी से किया था हमला

सरदारशहर : सरदारशहर में एक वकील पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोहनलाल जाट को पुलिस ने पकड़ लिया है। घटना 20 सितंबर की रात करीब 8 बजे की है। वकील नारायणचंद पारीक जब अपनी गाड़ी से सिद्धि विनायक कॉलोनी पहुंचे, तब मोहनलाल जाट और उसके साथियों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-चौसंगी और कुल्हाड़ियों से हमला किया। उन्होंने गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। इस हमले में वकील के साथी गुलाब सैनी के हाथ पर चोट आई। वकील ने गाड़ी तेजी से भगाकर अपनी और साथी की जान बचाई।
यह विवाद एक जमीन के पंजीकरण को लेकर शुरू हुआ था। वकील ने 7 अगस्त को अपने मुवक्किलों की ओर से एक विक्रय पत्र उप-पंजीयक कार्यालय में पंजीकृत करवाया था। इस जमीन के सहखातेदार मोहनलाल जाट ने व्यक्तिगत रंजिश के चलते वकील को धमकी दी थी। पुलिस अधीक्षक जय यादव के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेन्द्र दादरवाल और वृताधिकारी सत्यनारायण गोदारा शामिल थे। थानाधिकारी मदनलाल के नेतृत्व में टीम ने मोहनलाल को गिरफ्तार किया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।