खेतड़ी नगर थाना पुलिस की साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्यवाही
खेतड़ी नगर थाना पुलिस की साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्यवाही

खेतड़ी नगर : साइबर अपराध पर नकेल कसते हुए खेतड़ी नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने विभिन्न साइबर अपराध संबंधी शिकायतों में संलिप्त 02 खाताधारकों और एक संदिग्ध सिम धारक को गिरफ्तार किया है। उच्च अधिकारियों के सुपरविजन में थाना प्रभारी विजय कुमार चंदेल के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्यवाही की।
भारत सरकार के साइबर पुलिस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों में विभिन्न बैंकों के संदिग्ध म्यूल अकाउंट (Mule Account) की सूची सामने आई थी। इन खातों का उपयोग साइबर ठगी के पैसों को घुमाने में किया जा रहा था। जानकारी मिलने के बाद खेतड़ी नगर थाना पुलिस ने गहन पड़ताल कर 2 खाताधारकों और एक संदिग्ध सिम धारक को शांतिभंग में गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी, विजय कुमार चंदेल ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों से पूछताछ जारी है। जिन खाताधारकों ने अपने खाते किराये पर दिए हैं, उनके खिलाफ भी पृथक से कानूनी कार्यवाही की जाएगी। चंदेल ने साफ किया है कि साइबर अपराध में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपी
- दीपक कुमार पुत्र महेश कुमार, निवासी खटाणा की ढाणी, थाना खेतड़ी नगर।
- प्रशांत सैनी पुत्र धर्मपाल सैनी, निवासी ढाणा, थाना सिंघाना।
- नत्थूराम पुत्र पूर्णमल, निवासी भजनावाली, थाना खेतड़ी।
पुलिस टीम : विजय कुमार चंदेल, उप निरीक्षक व थानाधिकारी, खेतड़ी नगर, महिपाल, हैड कांस्टेबल, योगेश, कांस्टेबल, विकास, कांस्टेबल, मनीष कुमार, कांस्टेबल