फर्जी डॉक्यूमेंट तैयार कर बुजर्ग का मकान हड़पने की कोशिश:आरोपी ने अपनी पुत्रवधुओं के नाम करवा दी रजिस्ट्री, 2 गिरफ्तार
फर्जी डॉक्यूमेंट तैयार कर बुजर्ग का मकान हड़पने की कोशिश:आरोपी ने अपनी पुत्रवधुओं के नाम करवा दी रजिस्ट्री, 2 गिरफ्तार

सीकर : सीकर जिले की दादिया थाना पुलिस ने फर्जी डॉक्यूमेंट तैयार कर धोखाधड़ी से प्लॉट अपने नाम करवाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बुजुर्ग के मकान के फर्जी डॉक्यूमेंट बनाकर मकान हड़पने की कोशिश की लेकिन उसे पता चल गया। इसके बाद बुजुर्ग ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
पुलिस को दी शिकायत में 11 जुलाई 2024 को दौलतपुरा निवासी 73 साल के बुजुर्ग बेनी प्रसाद ने बताया था कि उनका पैतृक मकान भैरव मंदिर के पास, दौलतपुरा (सीकर) में है। आरोपी जुगल किशोर ब्याज पर पैसे देने का काम करता है। बुजुर्ग को पैसों की जरूरत थी और बुजुर्ग ने आरोपी जुगल किशोर से पैसे ब्याज पर ले लिए और उसे अपने मकान के डॉक्यूमेंट दे दिए।
बाद में 1 साल बाद बेनी प्रसाद ने आरोपी को 19 लाख 55 हजार रुपए ब्याज सहित चुका दिए और अपने डॉक्यूमेंट आरोपी से वापस ले लिए। कुछ समय बाद बुजुर्ग को पता चला कि आरोपियों ने साजिश रचकर उसके मकान के फर्जी डॉक्यूमेंट बनवा लिए। आरोपी जुगल किशोर ने बुजुर्ग का मकान अपनी पुत्रवधुओं मंजू देवी और सजना देवी के नाम रजिस्टर्ड करवा दिया। जिसकी जानकारी बेनी प्रसाद को बाद में दावा पेश होने पर हुई। जिसके बाद बुजुर्ग ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने आरोपी महेश कुमार (57) और नीलकमल (50) को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मुख्य आरोपी जुगल किशोर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।