मून्दीताल में 85 लाख के विकास कार्यों का शिलान्यास:गांधी पार्क, स्टेडियम और विश्रामालय समेत कई निर्माण कार्य शुरू
मून्दीताल में 85 लाख के विकास कार्यों का शिलान्यास:गांधी पार्क, स्टेडियम और विश्रामालय समेत कई निर्माण कार्य शुरू

सादुलपुर : मून्दीताल गांव में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ के मुख्य आतिथ्य में कई विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया। इस दौरान 35 लाख रुपए की लागत से गांधी पार्क, 20 लाख रुपए से शहीद ईश्वर सिंह स्टेडियम और 5 लाख रुपए से भगतसिंह चौक में विश्रामालय का लोकार्पण किया गया।
इसके अलावा 15 लाख रुपए की लागत से बास्केटबॉल और नेटबॉल के खेल ग्राउंड का निर्माण तथा 10 लाख रुपए से अंबेडकर भवन में जिम का शिलान्यास भी किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पद्मभूषण देवेन्द्र झाझडिया ने की।
कार्यक्रम में चूरू के विधायक हरलाल सहारण, जिला प्रमुख वन्दना आर्य, भाजपा जिला अध्यक्ष बसंत शर्मा, राजगढ़ के प्रधान विनोद पूनिया और भाजपा विधायक प्रत्याशी सुमित्रा पूनिया समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि राजेन्द्र राठौड़ ने मून्दीताल से मानपुरा तक सड़क निर्माण और विद्यालय में विज्ञान संकाय खोलने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आगामी बजट में इन कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम में वीरांगनाओं, खिलाड़ियों, मेधावी छात्रों और पंचायत क्षेत्र के राजकीय कर्मचारियों को शॉल, मोमेंटो और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। सरपंच रजनी और गांव के युवाओं ने 51 किलो की मालाओं, साफा और शॉल से अतिथियों का स्वागत किया।