सिरसा में पत्नी को ड्रग देकर बनाए अप्राकृतिक संबंध:पति बोला- वो बड़ा यूट्यूबर, 50 हजार महीना आमदनी; घर पर कराया गर्भपात
सिरसा में पत्नी को ड्रग देकर बनाए अप्राकृतिक संबंध:पति बोला- वो बड़ा यूट्यूबर, 50 हजार महीना आमदनी; घर पर कराया गर्भपात

सिरसा : सिरसा में एक यूट्यूबर पर उसकी पत्नी ने ड्रग्स देकर अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसके पति ने उसके साथ मारपीट की और घर पर ही उसका गर्भपात करा दिया। महिला थाना पुलिस ने आरोपी पति समेत 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आगे की जांच में लगी है।
जानकारी अनुसार, नाथूसरी कलां क्षेत्र की रहने वाली युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 14 दिसंबर 2022 को राजस्थान के चुरू जिले के निवासी शक्ति सिंह से हुई थी। शादी से पहले आरोपी ने खुद को एक बड़ा यूट्यूबर बताया था और हर महीने 40-50 हजार रुपए कमाने का दावा किया था।
महिला ने बताया कि शादी के बाद उसके पति ने दहेज की मांग शुरू कर दी। उसका कहना था कि शादी में 21 लाख रुपए खर्च होने चाहिए थे, दो-दो तोले की अंगूठी, चेन और गाड़ी मिलनी चाहिए थी। उसके परिवार ने 12 लाख रुपए खर्च किए थे, जिससे ससुराल पक्ष नाखुश था।
विवाहिता ने आरोप लगाया कि उसका पति उसे ड्रग्स देकर अप्राकृतिक यौन संबंध बनाता और मारपीट करता था। 22 सितंबर 2023 को उसने घर पर ही जबरन गर्भपात करवा दिया। इतना ही नहीं, पति के एक अन्य महिला के साथ अवैध संबंध थे और उसकी देवरानी उसके पति की दूसरी शादी करवाना चाहती थी।
उसने आरोप लगाया कि दहेज के लिए प्रताड़ना के बाद उसे घर से निकाल दिया गया। कई बार पंचायती समझौते हुए, लेकिन परिवार ने उसे वापस रखने से इनकार कर दिया। अगस्त 2024 में भी पंचायत हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
पुलिस ने आरोपी पति शक्ति सिंह, सास, ससुर, देवरानी और हिसार के मिंगनीखेड़ा गांव की कृष्णा सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी हिसार के बालसमंद क्षेत्र की हरियाणा सीमा से सटे गांव का रहने वाला है।