पर्यावरण संरक्षण की पहल:झुंझुनूं में जाट महासंघ लगाएगा 11 हजार पौधे, कलेक्टर के आह्वान पर लिया निर्णय
पर्यावरण संरक्षण की पहल:झुंझुनूं में जाट महासंघ लगाएगा 11 हजार पौधे, कलेक्टर के आह्वान पर लिया निर्णय

पिलानी : झुंझुनूं में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। राष्ट्रीय जाट महासंघ ने जिले में 11 हजार पौधे लगाने का निर्णय लिया है। यह निर्णय जिला कलेक्टर रामावतार मीणा के आह्वान पर लिया गया है। बीस सूत्री कार्यक्रम में झुंझुनूं जिले को राजस्थान में प्रथम स्थान मिला। इस उपलब्धि पर महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विरेन्द्र क्यामसरिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर का सम्मान किया। कलेक्टर ने इस अवसर पर महासंघ के पदाधिकारियों को 21 पेड़-पौधे भेंट किए। पौधारोपण के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें जिले के सभी क्षेत्रों में राष्ट्रीय जाट महासंघ के सदस्य और कार्यकर्ता सहयोग करेंगे।
महासंघ के प्रमुख पदाधिकारियों में प्रदेश सचिव रामकुमार झाझड़िया, जिला महामंत्री कंवरपाल बलवदा और जिला संयोजक संतोष चौधरी शामिल हैं। साथ ही जिला सचिव सत्यनारायण पूनियां, पिलानी ब्लॉक अध्यक्ष विरेन्द्र पूनियां और अन्य कार्यकर्ताओं ने भी इस पहल में सहयोग का वादा किया है। महिला मोर्चा की ओर से संतोष तेतरवाल, रितू चौधरी और विमला नूनिया भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।