सीएम बोले- जितनी जरूरत होगी, उतना यमुना का पानी मिलेगा:देर रात फतेहपुर दौरे पर पहुंचे, 4 मिनट का दिया भाषण; आज झुंझुनूं में 10 से ज्यादा कार्यक्रम
सीएम बोले- जितनी जरूरत होगी, उतना यमुना का पानी मिलेगा:देर रात फतेहपुर दौरे पर पहुंचे, 4 मिनट का दिया भाषण; आज झुंझुनूं में 10 से ज्यादा कार्यक्रम

फतेहपुर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शेखावाटी दौरे पर हैं। शनिवार रात सीएम फतेहपुर पहुंचे। वे रात 9:55 बजे चमड़िया कॉलेज परिसर स्थित मैदान में पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। सीएम के स्वागत कार्यक्रम में फतेहपुर, रामगढ़ तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों लोग उमड़े। हालांकि कार्यक्रम में देरी के चलते मुख्यमंत्री जनता को केवल 4 मिनट ही संबोधित कर सके।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र में यमुना का जल लाने का वादा अब पूरा किया जा रहा है। इसके लिए हरियाणा सरकार के साथ समझौता हो चुका है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राजस्थान को जितनी जरूरत होगी, उतना यमुना का पानी मिलेगा।
सीएम ने कहा- कांग्रेस झूठ और लूट की राजनीति करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पानी, बिजली, युवाओं की नौकरी और औद्योगिक विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है।

जनसमस्याओं को लेकर सौंपे गए ज्ञापन
मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान कस्बे की विभिन्न समस्याओं को लेकर नागरिकों ने उन्हें कई ज्ञापन सौंपे। सुशील पवार ने बताया- वाल्मीकि समाज की ओर से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें पिछले दो वर्षों से अटकी हुई सफाईकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र शुरू करने की माँग की गई।
सभा को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री जयपुर-चूरू हाईवे पर स्थित चित्रकूट बालाजी मंदिर परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा नेताओं के साथ बातचीत की और रात्रि विश्राम भी यहीं किया।

जयपुर से फतेहपुर तक गांव-गांव हुआ स्वागत
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को जयपुर से फतेहपुर के लिए रवाना हुए। रास्ते में लगभग एक दर्जन स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया गया। इसी वजह से वे अपने निर्धारित समय शाम 6 बजे से चार घंटे की देरी से रात 9:55 बजे फतेहपुर पहुंचे। वहीं सीएम के आगमन से पहले सभा में भजन सम्राट प्रकाश माली ने करीब तीन घंटे तक एक से बढ़कर एक देशभक्ति भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति के चलते श्रोता पूरी सभा के दौरान शांतिपूर्वक बैठे रहे।