किसान के नाम से मुम्बई में फर्जी फर्म, बैंक खाते से डेढ़ अरब का लेन-देन
पीड़ित किसान ने एसपी से लगाई फरियाद
अजमेर : सरवाड़ के केरियाकला के 12वीं पास किसानके नाम पर मुम्बई में ना केवल कम्पनी खोल दी गई बल्कि निजी बैंक में खाता खुलवाकर उसमें एक अरब का लेन-देन भी कर दिया। पीडित किसान को आयकर विभाग का नोटिस मिला तो वह हक्का-बक्का रह गया। उसने तुरन्त अजमेर में आयकर आयुक्त को सम्पर्क किया। इसके बाद साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी लेकिन कार्रवाई नहीं की। अब पीड़ित ने एसपी वंदिता राणा के पास फरियाद लगाई है।
जानकारी अनुसार सरवाड़, केरिया कला निवासी रामराज चौधरी ने रिपोर्ट दी कि 3 अप्रेल को उसको आयकर विभाग का नोटिस मिला। इससे उसकी जानकारी में आया कि उसके पेन कार्ड का दुरूपयोग कर धोखाधड़ी से नित्या एकजीम नाम से 2020-21 में फर्म खोली गई है।
कभी मुम्बई नहीं गया न खाता खुलवाया
फर्म का बैंक खाता कोटक महिन्द्रा बैंक, मुम्बई सेंट गोकुल दास तेजपाल चेरेटिस 164 डी.एन फोर्ट में खोलना बताया। ना वह कभी मुम्बई गया ना उसने कोटक महिन्द्रा बैंक में खाता खुलवाया है। उसकी नित्या नाम से कोई फर्म भी नहीं है। वह एक मध्यम वर्गीय किसान है। आयकर विभाग का नोटिस मिलने पर उसने जानकारी दी कि खाता उसका नहीं है। इसके बाद 3 अप्रेल को शिकायत दी कि उसके पेन कार्ड का दुरूपयोग कर फर्म बनाकर एक अरब 43 करोड़ 54 लाख 57 हजार 145 रुपए का ट्रांजेक्शन किया है। पीड़ित ने प्रकरण में कानूनी कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की।