सरदार शहर के वार्ड-32 में शरारती तत्वों ने मचाया हंगामा:आधी रात घरों पर फेंके पत्थर, अंधेरे का फायदा उठाकर गलियों में भागे
सरदार शहर के वार्ड-32 में शरारती तत्वों ने मचाया हंगामा:आधी रात घरों पर फेंके पत्थर, अंधेरे का फायदा उठाकर गलियों में भागे

सरदारशहर : सरदारशहर के वार्ड 32 में कुछ शरारती युवकों ने एक परिवार को डराने की कोशिश की। गुरुवार देर रात करीब 1:30 बजे अज्ञात युवकों ने विनोद कुमार माली के घर पर पथराव किया, जिससे परिवार में दहशत फैल गई। पथराव की आवाज सुनकर विनोद कुमार और उनका बेटा रोहित सैनी घर से बाहर निकले। उन्होंने देखा कि 5 से 7 युवक घर पर लगातार पत्थर फेंक रहे थे। इस दौरान घर की टाइलें टूट गईं और दरवाजा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
विनोद और उनके बेटे ने हिम्मत दिखाते हुए युवकों को खदेड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर गलियों में भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल विजेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
शरारती तत्वों से परेशान मोहल्ला
पीड़ित विनोद कुमार माली ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है, लेकिन इस गली में शरारती तत्वों की गतिविधियां आम हैं। इससे पूरा मोहल्ला परेशान रहता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।