रींगस में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट:पीड़िता ने पति समेत 6 लोगों के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा, ग्रामीणों ने की कार्रवाही की मांग
रींगस में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट:पीड़िता ने पति समेत 6 लोगों के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा, ग्रामीणों ने की कार्रवाही की मांग

रींगस : रींगस के सरगोठ गांव में एक विवाहिता के साथ दहेज को लेकर हुई मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता करिश्मा शर्मा ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। करिश्मा की शादी 2 मई 2021 को सरगोठ निवासी अशोक कुमार शर्मा से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी में उसके माता-पिता ने हैसियत से ज्यादा दहेज दिया था। फिर भी ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था।
पीड़िता ने बताया कि उसके पति अशोक शर्मा, ससुर श्यामलाल, सास मुन्नी देवी, ननद ज्योति और देवर संदीप व अंकित शर्मा लगातार दहेज की मांग करते थे। विरोध करने पर वे उसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देते थे। पीहर पक्ष की समझाइश के बाद भी स्थिति नहीं सुधरी।
ससुराल वालों ने उसका सारा स्त्रीधन हड़प लिया और घर से निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता ने श्रीमाधोपुर न्यायालय में भरण-पोषण के लिए आवेदन किया। कुछ दिन पहले ससुराल पक्ष ने उसे वापस बुला लिया। लेकिन 27 मार्च को सुबह साढ़े 9 बजे ससुराल वालों ने फिर से उस पर हमला कर दिया। लाठियों से मारपीट की और गला दबाने का प्रयास किया। उसे करीब 60 मीटर तक घसीटकर घर से बाहर निकाल दिया। खाना-पीना भी बंद कर दिया।
इस मामले में पुलिस की निष्क्रियता के विरोध में शुक्रवार को सरगोठ के ग्रामीण थाने पहुंचे। थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस उप अधीक्षक वृत रींगस संजय बोथरा ने बताया कि जांच अधिकारी से प्रकरण की जानकारी लेकर तत्काल प्रभाव से निष्पक्ष जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी।