जमीन विवाद में परिवार के दो गुट भिड़े:लाठी-सरियों से हमला, 4 महिलाओं समेत 12 घायल, 2 की हालत नाजुक
जमीन विवाद में परिवार के दो गुट भिड़े:लाठी-सरियों से हमला, 4 महिलाओं समेत 12 घायल, 2 की हालत नाजुक

चिड़ावा : चिड़ावा में डालमिया की ढाणी में विवादित जमीन को लेकर एक ही परिवार के दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों ने लाठी और सरियों से एक-दूसरे पर हमला किया। झड़प में चार महिलाओं सहित कुल 12 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल बिहारी लाल सैनी और सजना को झुंझुनू अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज चिड़ावा के उप जिला अस्पताल में चल रहा है।
एक पक्ष से कृष्ण, विकास, दीपक और अंकित घायल हुए हैं। दूसरे पक्ष से सुभाष सैनी, रमेश, अशोक, सजना, सावित्री और सुनीता को चोटें आई हैं। सभी घायलों का चिड़ावा अस्पताल में डॉ. मनोज जानू की टीम ने इलाज किया।

विवाद की जड़ जमीन का स्वामित्व है। एक पक्ष का कहना है कि उन्होंने कानूनी तौर पर जमीन जीत ली है। दूसरा पक्ष दावा करता है कि विरोधी पक्ष की याचिका अदालत ने खारिज कर दी है। दोनों पक्षों ने चिड़ावा थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों पक्षों के दावों की जांच शुरू कर दी है।