खेतड़ी नगरपालिका का बड़ा फैसला:41.56 करोड़ का बजट पास, 7 करोड़ से बनेगा नेचर पार्क; कई विकास कार्यों को मंजूरी
खेतड़ी नगरपालिका का बड़ा फैसला:41.56 करोड़ का बजट पास, 7 करोड़ से बनेगा नेचर पार्क; कई विकास कार्यों को मंजूरी

खेतड़ी : खेतड़ी नगरपालिका ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण साधारण सभा की बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 41.56 करोड़ रुपए का बजट सर्वसम्मति से पारित किया। नगरपालिका अध्यक्ष गीता देवी सैनी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी दी गई।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णयों में 7 करोड़ रुपए की लागत से नेचर पार्क का निर्माण, 4.91 करोड़ रुपए से सरकारी कॉलेज से कोलिहान नगर तक बरसाती नाले का निर्माण, और 3 करोड़ रुपए की लागत से स्मृति वन का विकास शामिल है। इसके अतिरिक्त, 5 करोड़ रुपए की लागत से ऐतिहासिक पन्ना शाह तालाब और अन्य तालाबों की मिट्टी छंटाई का कार्य भी किया जाएगा।
शहर के विकास में खेतड़ी के दोनों प्रवेशद्वारों का जीर्णोद्धार, बेहतर जलापूर्ति व्यवस्था, और मुख्य स्थानों पर महापुरुषों की मूर्तियों की स्थापना भी प्रस्तावित है। मुख्य मार्गों का नामकरण महापुरुषों के नाम पर किया जाएगा। नगरपालिका का विशेष ध्यान कस्बे के सौंदर्यीकरण और इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर है। साथ ही, क्षेत्र में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर नियंत्रण के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में ईओ नागरमल गुर्जर, राहुल सैनी, लीलाधर सैनी, संतोष देवी, वैणीशंकर सैनी, नगेन्द्र सोढ़ा, मोहनलाल राजोरीया, किशन कुमार, संदीप शर्मा सहित विभिन्न पार्षद और नगरपालिका के अन्य प्रमुख सदस्य उपस्थित थे।