कीलों और तलवार पर डांस से मरु महोत्सव का आगाज:BSF जवानों ने ऊंटों पर निकाली शोभायात्रा; गोपाल भाटी मिस्टर पोकरण-अभिलाषा चौधरी बनी मिस पोकरण
कीलों और तलवार पर डांस से मरु महोत्सव का आगाज:BSF जवानों ने ऊंटों पर निकाली शोभायात्रा; गोपाल भाटी मिस्टर पोकरण-अभिलाषा चौधरी बनी मिस पोकरण

पोकरण (जैसलमेर) : जैसलमेर के पोकरण में अंतरराष्ट्रीय मरु महोत्सव-2025 का रविवार को आगाज हुआ। स्थानीय विधायक महंत प्रतापपुरी ने सालम सागर तालाब स्थित नेपालेश्वर महादेव मंदिर में सुबह 10.30 बजे पूजा-अर्चना कर इसका शुभारंभ किया। इसके बाद निकली शोभायात्रा में कलाकारों ने कीलों और तलवार पर डांस किया। BSF के जवान ऊंटों पर बैठकर इसमें शामिल हुए।

पोकरण फोर्ट से निकाली शोभायात्रा, जलाल खान ने गाए भजन
महोत्सव की शुरुआत के साथ सुबह 11 बजे पोकरण फोर्ट से शोभायात्रा निकली। इस दौरान रास्ते में कई लोक कलाकारों ने प्रस्तुतियां दी। स्थानीय कलाकर रेवंता राम ने गिलास, लोहे की कील और तलवार पर भवई नृत्य किया। लोक कलाकार जलाल खान ने भजन पर प्रस्तुति दी।

शोभायात्रा में झांकियां आकर्षण का केंद्र रही
शोभायात्रा में विभिन्न तरह की झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी। शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के मैदान तक पहुंची। जहां पर स्थानीय विधायक ने रंगीन गुब्बारे उड़ाने के साथ ही दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।






कई प्रतियोगिताएं आयोजित
एसडीएम प्रभजोत सिंह ने बताया कि दोपहर 12 बजे से शाम 4:30 बजे तक विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। जिसमें स्थानीय लोक कलाकारों और सेलिब्रिटी की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम, मिस्टर पोकरण एवं मिस पोकरण प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण का केंद्र रही है। इस बार के महोत्सव में विभिन्न ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं जैसे रस्सा कस्सी, ग्रामीण कुश्ती, मटका रेस, म्यूजिकल चेयर का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। साफा बांधने की प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 5 प्रतिभागियों ने भाग लिया। साफा बांधने के लिए 1 मिनट का समय दिया गया था।

शाम को होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
पोकरण SDM प्रभजोत सिंह गिल ने बताया कि शाम 7 बजे से सेलिब्रिटी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। मशहूर राजस्थानी गायक चुगे खां एवं सेलिब्रिटी मनीषा शर्मा व डी. नवीन अपनी कला की शानदार प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन करेंगे। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान आने वाले सभी पर्यटकों के लिए बैठक की उचित व्यवस्था की गई है। महोत्सव के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और स्थानीय लोगों में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।




ये रहे मौजूद इस दौरान जैसलमेर जिला कलेक्टर प्रताप सिंह, एसपी सुधीर चौधरी, पोकरण एसडीएम प्रभजोत सिंह गिल, नगर पालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
