धार्मिक तीर्थ लोहार्गल धाम में वैंकटेश दिव्य कथा का आयोजन
धार्मिक तीर्थ लोहार्गल धाम में वैंकटेश दिव्य कथा का आयोजन

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : रविंद्र पारीक
नवलगढ़ : लोहार्गल धाम स्थित सिद्ध पीठ वैंकटेश बालाजी मठ में वैंकटेश दिव्य कथा का प्रारंभ हुआ। इस भव्य आयोजन की शुरुआत वैंकटेश पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी अश्विनी आचार्य महाराज के सानिध्य में हुई, जिसमें पुराण पूजन और व्यास पीठ का पूजन विधिपूर्वक किया गया। इसके साथ ही पंडित रवि कुमार शास्त्री को साफ़ा पहनाकर आरती की गई ।
प्रथम दिवस की कथा में विशेष रूप से चौबीस अवतारों का वर्णन किया गया। इस दौरान शेषाचल पर्वत की कथा और श्री निवास वैंकटेश भगवान के प्रादुर्भाव के बारे में विस्तृत रूप से बताया गया। स्वामी अश्विनी आचार्य महाराज ने भगवान वैंकटेश के अद्भुत दिव्य स्वरूप का वर्णन करते हुए भक्तों को उनके आशीर्वाद से सराबोर किया। कथा के दौरान वैंकटेश बालाजी के भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया, और सैकड़ों श्रद्धालु इस दिव्य कथा का आनंद ले रहे थे।
इस धार्मिक आयोजन में विशेष योगदान देने वाले संगीतकार अमन पारासर ने अपनी संगीत कला से भक्तों को मंत्रमुग्ध किया। उन्होंने वैंकटेश बालाजी के भजनों के साथ कथा में सम्मिलित होकर वातावरण को और भी भक्ति से ओत-प्रोत किया। पूजा-अर्चना का कार्य शुभम् शास्त्री और कृष्ण शास्त्री ने बड़ी श्रद्धा और भक्ति से किया।
भक्तों ने स्वामी अश्विनी आचार्य महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया और इस पवित्र आयोजन का हिस्सा बनकर धर्म और भक्ति के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।