पास में थे 1.50 करोड़, भिखारियों के बीच सोता था:ABVP के पूर्व नगर मंत्री का हत्यारा मांग रहा था भीख; महाराष्ट्र से पकड़ा
पास में थे 1.50 करोड़, भिखारियों के बीच सोता था:ABVP के पूर्व नगर मंत्री का हत्यारा मांग रहा था भीख; महाराष्ट्र से पकड़ा

चूरू : चूरू में एबीवीपी के पूर्व नगर मंत्री की हत्या और जयपुर में करीब 1.50 करोड़ रुपए की लूट के आरोपी को पुलिस ने महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने पुष्कर और मुंबई में भीख भी मांगी और भिखारियों के बीच सोता रहा, ताकि किसी को उस पर शक नहीं हो। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई जगह छापे मारे और करीब 400 सीसीटीवी के फुटेज खंगाले। इसके आधार पर रूट मैप तैयार किया और उसे पकड़ लिया।

लाठी-सरियों से पीट-पीटकर किया था मर्डर
डीएसपी सुनील झाझड़िया ने बताया- सदर थाना क्षेत्र के डाबला गांव के पास 1 नवंबर की रात को एबीवीपी के पूर्व नगर मंत्री नरेंद्र प्रजापत (28) का पुरानी रंजिश को लेकर अमित कस्वां उर्फ मितला, शुभम ढाका और हितेश कुमावत ने लाठी और सरियों से पीट-पीटकर मर्डर कर दिया था। पुलिस ने नरेंद्र के चाचा की रिपोर्ट पर मर्डर का केस दर्ज किया था।
डीएसपी ने बताया- साइबर सेल और मुखबिर की सूचना पर पुलिस शातिर अमित कस्वां उर्फ मितला के पीछे लगी थी, जो महाराष्ट्र के भिवंडी में छुपा हुआ था। पुलिस उसे गिरफ्तार कर शुक्रवार को चूरू लाई। अब आरोपी से मामले में फरार चल रहे शुभम ढाका के बारे में पूछताछ की जाएगी। मामले में आरोपी हितेश कुमावत को पुलिस ने 11 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया था।
पुष्कर में भिखारियों के बीच काटी फरारी
पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि नरेन्द्र प्रजापत के मर्डर के बाद तीनों बदमाश अलग-अलग फरार हुए। इसमें अमित कस्वां उर्फ मितला मर्डर के बाद बाइक से पहले फतेहपुर गया। वहां से पुष्कर गया, जहां वह पुष्कर मेले में आए हुए भिखारियों के बीच रहता था। वहीं एक दिन तारानगर भी आया था। इसके बाद मुम्बई चला गया। जहां रहकर वह फरारी काट रहा था। पुष्कर में वह अपना हुलिया बदलकर भीख मांगकर काम चला रहा था। रात को भिखारियों के बीच ही सोने लगा था, ताकि पुलिस को कोई शक नहीं हो।
एक करोड़ 47 लाख की लूट में भी है आरोपी
डीएसपी सुनील झाझड़िया ने बताया कि जयपुर में हुई एक करोड़ 47 लाख रुपए की लूट के मामले में अमित कस्वां उर्फ मितला मुख्य आरोपी है। उस वारदात के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था। उसमें मामले की फरारी वह फतेहपुर में काट रहा था। डीएसपी ने बताया कि शातिर बदमाश पर करीब 12 मामले दर्ज हैं। जिनमें कई मामलों में वह फरार चल रहा था।
पुलिस टीम ने कई जगहों पर मारा छापा
डीएसपी ने बताया- आरोपी को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई गई। टीम का नेतृत्व एसएचओ बलवंत सिंह ने किया। टीम ने करीब 400 CCTV फुटेज खंगाले और लोकेशन के आधार पर रूट मैप तैयार किया। जयपुर, सीकर, फतेहपुर, जोधपुर, नागौर सहित कई जगहों पर छापे मारे।