जोड़ियां में पूर्व सरपंच की गाड़ी पर पिकअप से हमला, 15-20 हजार रुपए छीनने का आरोप
ट्रिपल ए बाबा ग्रुप पर वारदात का आरोप, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीण धरने पर बैठे; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की
सुलताना : क्षेत्र के जोड़ियां गांव में सोमवार देर शाम किठाना के पूर्व सरपंच एवं चिड़ावा पंचायत समिति के पूर्व सदस्य उम्मेद धनखड़ की गाड़ी पर पिकअप से हमला करने और 15 से 20 हजार रुपए छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस वारदात का आरोप ट्रिपल ए बाबा ग्रुप के सदस्यों पर लगाया है। हमले में उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीण धरने पर बैठ गए।
उम्मेद धनखड़ ने बताया कि वे परिवार में आयोजित स्वामणी कार्यक्रम में शामिल होने किठाना गए थे। वहां से लौटते समय जोड़ियां में बच्चों के लिए कुरकुरे और अन्य सामान लेने दुकान पर रुके थे। सामान लेकर दुकानदार को भुगतान कर रहे थे, तभी पीछे से आई पिकअप ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने हमला किया और उनके हाथ से 15 से 20 हजार रुपए की नकदी छीनकर फरार हो गए।

तीन दिन में लगातार वारदातों के आरोप
ग्रामीणों और पीड़ित पक्ष का आरोप है कि क्षेत्र में ट्रिपल ए बाबा ग्रुप के सदस्यों की ओर से लगातार वारदातें की जा रही हैं। शनिवार को एक युवक के हाथ-पैर तोड़ने का मामला सामने आया था। वहीं रविवार देर रात कैंपर गाड़ियों से एक ऑल्टो कार का पीछा करने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। जनवरी 2025 में सुलताना स्थित एक निजी अस्पताल में पूर्व सरपंच उम्मेद धनखड़ के बेटे के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की घटना का आरोप भी इसी ग्रुप के सदस्यों पर लगाया गया था।
पुलिस पर दो घंटे देरी से पहुंचने का आरोप
उम्मेद धनखड़ के अनुसार, घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, चिड़ावा पुलिस उपाधीक्षक और सुलताना पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस और प्रशासन पर कथित मिलीभगत तथा संरक्षण के आरोप भी लगाए।
समझाइश के बाद भी धरने पर डटे ग्रामीण
घटना की सूचना पर चिड़ावा थानाधिकारी लक्ष्मीकांत भारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की। हालांकि, ग्रामीण आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे और धरना जारी रखा। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए एक गाड़ी रवाना की, जबकि दूसरी गाड़ी पुलिस जवानों के साथ मौके पर तैनात रही।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2543353


