समर्थन मूल्य पर मूंग-मूंगफली की खरीद के लिए पंजीकरण शुरू
मूंग का भाव 8780 और मूंगफली का 7517 रुपए प्रति क्विंटल तय, जिले में 20 केंद्रों पर होगी खरीद
झुंझुनूं : खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मूंग और मूंगफली की खरीद के लिए सोमवार से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई। जिले में खरीद केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
संयुक्त रजिस्ट्रार सहकारी समितियां झुंझुनूं विभा खेतान ने बताया कि जिले में 6 क्रय-विक्रय सहकारी समितियों, 2 उपखंड स्तरीय केंद्रों और 12 ग्राम सेवा सहकारी समितियों पर मूंग एवं मूंगफली की खरीद की व्यवस्था की गई है। सरकार ने मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य 8780 रुपए और मूंगफली का 7517 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।
उन्होंने बताया कि समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू होने से किसानों को अपनी उपज का उचित भाव मिल सकेगा और बाजार में कम कीमत पर फसल बेचने की मजबूरी से राहत मिलेगी। किसानों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजीकरण करवाने के बाद ही उपज समर्थन मूल्य पर बेचने की अपील की गई है। पंजीकरण और खरीद से जुड़ी विस्तृत जानकारी राजफेड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
पंजीकरण में इन बातों का रखें ध्यान
राजफेड के निर्देशानुसार पंजीकरण उसी किसान के नाम दर्ज गिरदावरी के आधार पर करवाना होगा, जिसके नाम संबंधित फसल की गिरदावरी दर्ज है। संयुक्त खाते की स्थिति में किसान अपने हिस्से की भूमि का ही पंजीकरण करवाएं। अन्य खातेदारों की भूमि शामिल करने के लिए संबंधित खातेदारों का सहमति पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा।
संयुक्त रजिस्ट्रार विभा खेतान ने स्पष्ट किया कि बिना सहमति के अन्य खातेदारों की भूमि को पंजीकरण में शामिल नहीं किया जाए। गलत जानकारी देने या नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने किसानों से सही जानकारी और आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीकरण करवाने की अपील की है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19




Total views : 2501301

