तृतीय चरण के मतदान के लिए 460 दल रवाना, सुरक्षा में तैनात रहेंगे 2 हजार पुलिसकर्मी
नवलगढ़, गोठड़ा, उदयपुरवाटी और गुढ़ागौड़जी पंचायत समितियों में मंगलवार को होगा मतदान, 4.44 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
झुंझुनूं : पंचायती राज आम चुनाव के तृतीय चरण के मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को सेठ मोतीलाल कॉलेज से 460 मतदान दलों को मतदान सामग्री के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। तृतीय चरण में मंगलवार को जिले की नवलगढ़, गोठड़ा, उदयपुरवाटी और गुढ़ागौड़जी पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान होगा।
चारों पंचायत समितियों में जिला परिषद के 13 वार्ड और पंचायत समिति सदस्य के 74 पदों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन क्षेत्रों में कुल 4 लाख 44 हजार 465 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान के लिए 125 मतदान केंद्रों पर 460 मतदान बूथ बनाए गए हैं। चुनाव व्यवस्था के संचालन के लिए 37 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने मतदान दलों को रवाना करते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्मिकों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए जिम्मेदारी से कार्य करने को कहा। दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए घर से मतदान केंद्र तक लाने-ले जाने की व्यवस्था के साथ केंद्रों पर व्हीलचेयर सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।

3 नवंबर को जिला परिषद-पंचायत समिति और 5 नवंबर को पंच-सरपंच के चुनाव
जिला कलेक्टर ने बताया कि 3 नवंबर को चारों पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। मतदान के बाद ईवीएम संबंधित पंचायत समिति मुख्यालय पर और फिर जिला मुख्यालय के संग्रहण केंद्र में जमा करवाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि 4 नवंबर को पंच एवं सरपंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया होगी। इसके बाद 5 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक ग्राम पंचायत स्तर पर मतदान करवाया जाएगा। मतदान समाप्ति के बाद मतगणना होगी, जबकि 6 नवंबर को उप सरपंच पद के लिए चुनाव कराया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक गौरव चतुर्वेदी ने मतदान दलों के कार्मिकों से पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाने को कहा।
2 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान
पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें पुलिस अधिकारी, राजस्थान सशस्त्र बल, होमगार्ड और अन्य जिलों से बुलाया गया पुलिस जाप्ता शामिल है। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा। पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने और लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2501007

