पिलानी में युवक की चाकू से हमला कर हत्या, महिला के पति पर आरोप
करीब छह महीने से महिला के साथ रह रहा था युवक; वारदात के बाद आरोपी भी घायल, पुलिस ने शुरू की जांच
पिलानी : झुंझुनूं जिले के पिलानी में रविवार रात एक युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। आरोप है कि महिला का पति घर में घुसा और महिला के साथ कमरे में सो रहे युवक पर चाकू से कई वार कर दिए। शोर सुनकर युवक के परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान हुई मारपीट में आरोपी भी घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 33 वर्षीय युवक पिछले करीब छह महीने से महिला के साथ रह रहा था। महिला अपने पति से अलग रह रही थी। इसी बात को लेकर महिला के पति और युवक के बीच पहले भी कहासुनी हो चुकी थी। पुलिस मामले को इसी विवाद से जोड़कर जांच कर रही है।
कमरे में मचा शोर तो पहुंचे परिजन
मृतक के पिता के अनुसार, रविवार रात उनका बेटा और महिला अलग कमरे में सो रहे थे, जबकि वे अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ पास वाले कमरे में थे। रात करीब 9:30 बजे बड़े बेटे के कमरे से चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। वे कमरे में पहुंचे तो बेटा फर्श पर पड़ा था और वहां खून बिखरा हुआ था। पिता ने आरोप लगाया कि आरोपी हाथ में खून से सना चाकू लेकर खड़ा था और कह रहा था कि उसने उनके बेटे को मार दिया है।
पिता के मुताबिक, परिजनों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो वह चाकू लहराने लगा। इसी दौरान वह दरवाजे के ऊपर चढ़कर नीचे कूदने की कोशिश में बाहर की तरफ गिर गया। बाद में परिजनों ने उसे काबू कर लिया। इस दौरान हुई मारपीट में आरोपी भी घायल हो गया।
उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को उपचार के लिए झुंझुनूं ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए झुंझुनूं से विधि-विज्ञान दल को भी बुलाया गया। पुलिस परिजनों की रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2483126


