‘उठो, नया कानून मांग लो संसद की दीवारों से…’ कविताओं ने बांधा समां
शेखावाटी साहित्य संगम-7 में देर रात तक चला कवि सम्मेलन, देशभक्ति, वीर रस, हास्य और व्यंग्य की रचनाओं पर गूंजती रहीं तालियां
सीकर : शेखावाटी साहित्य संगम-7 में आयोजित कवि सम्मेलन में देशभर से आए कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हास्य, व्यंग्य, देशभक्ति और वीर रस की कविताओं ने देर रात तक समां बांधे रखा। कार्यक्रम श्री केशव संस्कृति प्रन्यास और पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में सालासर रोड स्थित गोविंदम रिसॉर्ट्स में हुआ।
अलवर के देशभक्ति कवि विनीत चौहान ने सैनिकों के सम्मान और आतंकवाद के मुद्दे पर ओजपूर्ण रचनाएं सुनाईं। उनकी कविता ‘उठो, नया कानून मांग लो संसद की दीवारों से…’ पर पांडाल तालियों से गूंज उठा। सैनिकों के परिवारों और देश की सुरक्षा से जुड़े सवालों को उठाती उनकी रचनाओं ने श्रोताओं में राष्ट्रप्रेम का भाव जगाया।
‘सेल्यूट उन सैनिकों को, जिन्हें जान से ज्यादा देश पसंद है’
राजस्थानी हास्य कवि हरीश हिंदुस्तानी ने मंच संचालन के साथ अपनी हास्य रचनाओं से माहौल खुशनुमा बनाए रखा। उनकी पंक्तियां ‘सेल्यूट उन सैनिकों को, जिन्हें जान से ज्यादा देश पसंद है’ श्रोताओं को खूब पसंद आईं। उन्होंने राजस्थानी और शेखावाटी की धरती की विशेषताओं का भी बखान किया।
दिल्ली की कवयित्री राधिका गुप्ता ने बेटियों के लिए पिता के त्याग और स्नेह को अपनी कविता के माध्यम से प्रस्तुत किया। उनकी भावपूर्ण रचना ने श्रोताओं को भावुक कर दिया। नर्मदापुरम के कवि सौरभ सूर्या ने महाराणा प्रताप और भगवान श्रीराम का उल्लेख करते हुए राजस्थान की शौर्य परंपरा का वर्णन किया।
टोंक के हास्य कवि सूरत अजनबी ने सरकारी भर्ती प्रक्रिया पर व्यंग्य करते हुए कहा, ‘सरकारी नौकरी का फॉर्म भरा तो हद हो गई, भाई साहब वो भर्ती ही रद्द हो गई।’ उनकी प्रस्तुति पर श्रोता ठहाके लगाने लगे। वहीं, भीलवाड़ा के हास्य पैरोडीकार संजीव सजल ने अपनी पैरोडियों से खूब मनोरंजन किया।
कवि सम्मेलन में देशभक्ति और वीर रस की रचनाओं के साथ हास्य-व्यंग्य का भी भरपूर रंग देखने को मिला। कवियों की प्रस्तुतियों पर देर रात तक तालियां गूंजती रहीं और श्रोता कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2442658


