[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का कार्यक्रम


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़राजस्थानराज्यसीकर

मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का कार्यक्रम

सीकर में कार्यकर्ताओं ने सुना प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन, सेवा ज्योति यात्रा के लिए जलाई मशाल

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : नैना शेखावत

सीकर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा की ओर से लोहिया रिसोर्ट में कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं पंचायत चुनाव के संभाग प्रभारी औंकार सिंह लखावत और सह प्रभारी मोतीलाल मीणा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ ने की।

कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना। मोदी ने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज वे जहां भी हैं और जो कुछ भी हैं, उसमें देश की जनता, स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं के विश्वास व परिश्रम का योगदान है। उन्होंने कहा कि यह अवसर किसी व्यक्ति के महिमामंडन का नहीं, बल्कि देशसेवा के संकल्प को मजबूत करने का है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जीवन में उन्हें जो भी जिम्मेदारी मिली, उसे उन्होंने कर्तव्य मानकर निभाया। कर्म को केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि देश के प्रति साधना मानते हुए काम करने की बात कही। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि साफ नीयत और स्पष्ट नीति से यह लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

मोदी ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ उनके सुशासन का मंत्र रहा है और प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य देश की सेवा करना है। उन्होंने अपने कार्यकाल में अनुच्छेद 370 और आतंकवाद के खिलाफ उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया।

राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष औंकार सिंह लखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप विकसित भारत के निर्माण के लिए भाजपा को पंचायत चुनाव में जीत दिलानी है। सह प्रभारी मोतीलाल मीणा ने भी कार्यकर्ताओं को पंचायत चुनाव में पार्टी को विजयी बनाने का संकल्प दिलाया। जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ ने अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती, धोद विधायक गोरधन वर्मा, खंडेला विधायक सुभाष मील, पंचायत चुनाव प्रभारी महेंद्र चंदवा, किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष हरिराम रणवां, पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी, फतेहपुर प्रत्याशी श्रवण चौधरी, दातारामगढ़ प्रत्याशी गजानंद कुमावत, पूर्व विधायक केडी बाबर, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन मोदी, महेश शर्मा, इंद्रा चौधरी, जिला महामंत्री राजेश रोलन, रामावतार रूंथला सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सेवा ज्योति यात्रा के लिए जलाई मशाल

कार्यक्रम स्थल से सेवा ज्योति यात्रा को मशाल जलाकर रवाना किया गया। अतिथियों के साथ कर्नल जितेंद्र सिंह ने मशाल जलाई। भाजपा नेताओं ने बताया कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से सेवा ज्योति की मशाल रवाना की गई, जिसे जयपुर रोड पर स्थापित किया गया।

पंचायत चुनाव में जीत का दावा : लखावत

मीडिया से बातचीत में औंकार सिंह लखावत ने कहा कि पंचायत चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता चुनाव लड़ेंगे और पार्टी जिला परिषद में जिला प्रमुख तथा पंचायत समितियों में प्रधान बनाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटेंगे तथा स्थानीय स्तर पर बैठक कर चुनावी रणनीति तैयार की जाएगी।

Related Articles