सेवा सेतु अभियान के शिविर शुरू, आमजन की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
सभापति खतीजा बानो और आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए शीघ्र निस्तारण के निर्देश
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : नैना शेखावत
सीकर : नगर परिषद सीकर में राज्य सरकार के सेवा सेतु अभियान-2026 के तहत 7 से 16 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले शिविरों का बुधवार को अंबेडकर सभागार में शुभारंभ हुआ। सभापति खतीजा बानो और आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव ने शिविर का निरीक्षण कर आमजन से संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं प्रकरणों की जानकारी ली।
सभापति और आयुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिविर में प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरलता से उपलब्ध कराना है। अधिक से अधिक लोगों तक अभियान की जानकारी पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।
आयुक्त ने बताया कि अभियान के दौरान शहर की सफाई, सीसी व डामर सड़कों की मरम्मत और पैचवर्क, स्ट्रीट लाइट दुरुस्तीकरण, अंधेरी व सुनसान सड़कों पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ चौराहों, डिवाइडरों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों के रख-रखाव एवं सौंदर्यीकरण के कार्य किए जाएंगे।
शिविरों में नगरीय विकास कर जमा कराने, लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र, व्यापार एवं साइनेज लाइसेंस, ओएफसी-मोबाइल टावर अनापत्ति प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र सहित विभिन्न नागरिक सेवाओं से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा। पट्टे, 69-ए, 54-ई, 50-बी व 60-सी के प्रकरण, उप-विभाजन एवं पुनर्गठन, भू-उपयोग परिवर्तन, नामांतरण, खांचा भूमि, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र और भवन निर्माण स्वीकृति से संबंधित कार्य भी किए जाएंगे।
इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशन, अटल पेंशन योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना, कुसुम योजना, पीएम स्वनिधि और सीएम स्वनिधि सहित विभिन्न योजनाओं के आवेदन लिए जाएंगे। पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने तथा लंबित ऋण प्रकरणों में ऋण वितरण की कार्रवाई भी की जाएगी। विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सार्वजनिक भवनों की मरम्मत व सौंदर्यीकरण के कार्य भी अभियान में शामिल हैं।
वार्डवार शिविर कार्यक्रम
शिविरों का समय सुबह 10 से शाम 5 बजे तक रहेगा। 7 अक्टूबर को वार्ड 1 से 8, 8 अक्टूबर को वार्ड 9 से 16, 9 अक्टूबर को वार्ड 17 से 24, 12 अक्टूबर को वार्ड 25 से 32, 13 अक्टूबर को वार्ड 33 से 40, 14 अक्टूबर को वार्ड 41 से 48, 15 अक्टूबर को वार्ड 49 से 55 तथा 16 अक्टूबर को वार्ड 57 से 65 के लिए वार्डवार शिविर आयोजित होंगे। नगर परिषद ने आमजन से शिविरों में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं और योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2436278


