सभापति की कर्मचारियों को दो टूक, कहा- लापरवाही नहीं चलेगी:चूरू में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की मॉनिटरिंग होगी
सभापति की कर्मचारियों को दो टूक, कहा- लापरवाही नहीं चलेगी:चूरू में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की मॉनिटरिंग होगी
चूरू : चूरू नगरपरिषद के सभापति विनय कुमार गोयनका ने कार्यभार संभालने के बाद पहले ही दिन सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे वे शहर के निरीक्षण पर निकले। उन्होंने जोहरी सागर, इंद्रमणि पार्क और वार्ड नंबर 30 सहित कई इलाकों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान जहां सफाई व्यवस्था में खामियां मिलीं, वहीं लापरवाही सामने आने पर कर्मचारियों को फटकार भी लगाई।
कचरा संग्रहण व्यवस्था सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सभापति ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण और नगरपरिषद की अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों को व्यवस्था में सुधार करने और सफाई कार्य को नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। सभापति ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दोपहर में सफाई कर्मचारियों से सीधा संवाद
निरीक्षण के बाद दोपहर करीब 12 बजे नगरपरिषद सभागार में सफाई कर्मचारियों की बैठक बुलाई गई। बैठक में सभापति ने कर्मचारियों से सीधे संवाद किया और उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट कीं। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को सही ढंग से संचालित करने और नियमित रूप से कचरा उठाने के निर्देश दिए।
हर वार्ड में समय पर पहुंचेगी ट्रैक्टर-ट्रॉली
सभापति ने कहा कि हर वार्ड में ट्रैक्टर-ट्रॉली समय पर पहुंचनी चाहिए, ताकि गलियों और मोहल्लों में कचरा जमा न हो। उन्होंने सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
नगरपरिषद की शाखाओं का भी निरीक्षण
सफाई व्यवस्था के साथ ही गोयनका ने नगरपरिषद की अलग-अलग शाखाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों से उनके कामकाज की जानकारी ली और आम लोगों से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
शिकायतों के लिए जारी होंगे चार फोन नंबर
सभापति गोयनका ने बताया कि शहरवासियों की समस्याओं के लिए चार फोन नंबर जारी किए जाएंगे। इनमें दो नंबर पार्टी से जुड़े लोगों के और दो नगरपरिषद कर्मचारियों के होंगे। शहरवासी इन नंबरों पर कचरा, नालों के ओवरफ्लो, चैंबर और सफाई से जुड़ी अन्य समस्याओं की शिकायत कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यदि इन नंबरों पर शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होता है, तो शहरवासी सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2403731


