झुंझुनूं में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान शुरू, प्रभात फेरी निकाली:विधायक बोले- राष्ट्रीयता और देशभक्ति की भावना को जागृत करना उद्देश्य
झुंझुनूं में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान शुरू, प्रभात फेरी निकाली:विधायक बोले- राष्ट्रीयता और देशभक्ति की भावना को जागृत करना उद्देश्य
झुंझुनूं : झुंझुनूं में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत झुंझुनूं जिला मुख्यालय पर देशभक्ति के अभूतपूर्व उत्साह के साथ रविवार को तिरंगा प्रभात फेरी का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्काउट-गाइड, सफाईकर्मियों और आम शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रीयता और देशभक्ति की भावना को जागृत करना ही उद्देश्य है।
वंदे मातरम के नारों के साथ प्रभात फेरी रवाना
कलेक्ट्रेट परिसर के सामने से विधायक राजेंद्र भांबू, जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, भाजपा नेता प्यारेलाल ढूकिया, विश्वंभर पूनियां और एसडीएम रामकरण बिजारणियां ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। हाथों में तिरंगा लिए बच्चे “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के उद्घोष से पूरा मार्ग गुंजायमान हो उठा। शहर में जगह-जगह स्थानीय निवासियों ने प्रभात फेरी का आत्मीय स्वागत किया।

विधायक बोले- राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करना उद्देश्य
विधायक राजेंद्र भांबू ने संबोधित करते हुए कहा कि 9 से 14 अगस्त तक आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रीयता और देशभक्ति की भावना को जागृत करना है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा नई पीढ़ी को तिरंगे और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है।
कलेक्टर बोले- तिरंगा हमारी आजादी और सम्मान का प्रतीक
जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि जिले में करीब 3 लाख 85 हजार तिरंगे वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है, जो स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से 4 लाख के पार पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से युवाओं और बच्चों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास तथा विभाजन की विभीषिका के संघर्षों से अवगत कराया जा रहा है, ताकि वे देश की आजादी के महत्व को समझ सकें।
पूर्व विधायक बोले- सांस्कृतिक विरासत और बलिदान की स्मृति
पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय विरासत और आन-बान-शान का प्रतीक है। लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद रखते हुए आने वाली पीढ़ी में देशभक्ति का जज्बा बनाए रखना ही ऐसे आयोजनों का मूल ध्येय है।
विविध देशभक्ति कार्यक्रम 17 अगस्त तक
नगर परिषद आयुक्त राकेश रंगा ने बताया कि अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें 10 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य तिरंगा बाइक रैली, वंदे मातरम वाचन और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल हैं।
उन्होंने सभी झुंझुनूं वासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। इस अवसर पर निवर्तमान जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी, एएसपी फूलचंद मीणा, जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2404760


