सीकर में 10 चौराहों पर लगेंगी ट्रैफिक लाइट:3 एरिया बनेंगे नो व्हीकल जोन, पिपराली चौराहे पर बदलेगा बस स्टैंड, डिपो तिराहे पर ऑटो डायवर्जन
सीकर में 10 चौराहों पर लगेंगी ट्रैफिक लाइट:3 एरिया बनेंगे नो व्हीकल जोन, पिपराली चौराहे पर बदलेगा बस स्टैंड, डिपो तिराहे पर ऑटो डायवर्जन
सीकर : शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए जिला पुलिस और प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है। नए ट्रैफिक प्लान के तहत शहर के 10 प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे। वहीं तीन क्षेत्रों को नो-व्हीकल जोन घोषित किया जाएगा। वन-वे व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए स्पाइक्स, लेन अनुशासन के लिए डेलीनेटर तथा प्रमुख मार्गों पर साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
गुरुवार को पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक ने अधिकारियों के साथ शहर का निरीक्षण कर प्रस्तावित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल सिंह, ट्रैफिक सीओ पूनम, सीओ सिटी राजेश ढाका, ट्रैफिक प्रभारी मनोज कुमार भाटीवाड़, कोतवाली थाना प्रभारी सुनील कुमार तथा उद्योग नगर थाना प्रभारी राजेश कुमार बुडानिया मौजूद रहे। ट्रैफिक प्लान ट्रैफिक प्रभारी मनोज कुमार ने तैयार किया है।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक ने बताया कि शहर की बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए यह बदलाव किए जा रहे हैं। नगर परिषद के माध्यम से शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू कराया जाएगा।
10 प्रमुख चौराहों पर लगेंगी ट्रैफिक लाइट
नई योजना के तहत कल्याण सर्किल, पिपराली चौराहा, गोकुलपुरा तिराहा, डिपो तिराहा, सांवली सर्किल, धोद चौराहा, पालवास चौराहा, नानी चौराहा, भढ़ाढर तिराहा और रानी सती चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे।
तीन क्षेत्र होंगे नो-व्हीकल जोन
यातायात को सुगम बनाने के लिए शहर के तीन क्षेत्रों में नो-व्हीकल जोन बनाया जाएगा। इसके लिए लोहे के बैरियर अथवा हाइड्रोलिक बैरियर लगाए जाएंगे। साथ ही आवश्यक सेवाओं और रात्रिकालीन लोडिंग-अनलोडिंग के लिए अलग व्यवस्था रहेगी।
वन-वे व्यवस्था के लिए लगाए जाएंगे स्पाइक्स
सूरजपोल गेट, अजमेर स्टैंड, घंटाघर, ईदगाह चौराहा सहित कई स्थानों पर वन-वे व्यवस्था लागू करने के लिए स्पाइक्स लगाए जाएंगे, ताकि वाहन गलत दिशा में प्रवेश न कर सकें।
लेन अनुशासन के लिए डेलीनेटर
बजरंग कांटा से कृषि मंडी गेट, कल्याण सर्किल से नटराज होटल, डिपो तिराहा, पिपराली पुलिया और मारू स्कूल पुलिया के पास डेलीनेटर लगाए जाएंगे, जिससे वाहन निर्धारित लेन में चल सकें।
पिपराली चौराहे पर बदलेगा बस स्टैंड
यातायात जाम कम करने के लिए रोडवेज एवं लोक परिवहन बसों का स्टैंड पिपराली चौराहे से हटाकर दोनों ओर लगभग 100-100 मीटर आगे स्थानांतरित किया जाएगा।
डिपो तिराहे पर ऑटो और बसों का नया रूट
डिपो तिराहे पर ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए ऑटो रिक्शा का रूट बदला जाएगा। ऑटो अब एशियन पेंट्स वाली गली से देवीपुरा मंदिर होते हुए बजरंग कांटा की ओर जाएंगे। वहीं रिलायंस मॉल के पास बसों का ठहराव बंद कर उन्हें अंबेडकर सर्किल की ओर शिफ्ट किया जाएगा तथा कुछ बसों का ठहराव कृषि मंडी गेट पर किया जाएगा।
कोर्ट रोड पर लागू होगी वन-वे व्यवस्था
कोर्ट रोड क्षेत्र में मिलन रेस्टोरेंट से ढाका भवन होते हुए रेलवे स्टेशन वाली गली तक एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी।
साइन बोर्ड और अतिक्रमण हटाने का अभियान
मुख्य सड़कों और चौराहों पर दिशा-निर्देश, नो-पार्किंग संकेतक तथा सड़क मार्किंग की जाएगी। साथ ही सिल्वर जुबली रोड, नवलगढ़ रोड, पिपराली रोड और जयपुर रोड सहित प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि इन व्यवस्थाओं के लागू होने से शहर में जाम की समस्या कम होगी, यातायात अधिक व्यवस्थित होगा और आमजन को आवागमन में राहत मिलेगी।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2363289


