छुट्टी पर घर लौट रहे फौजी का अपहरण, बाइक-हेलमेट सड़क पर मिले; करौली के सपोटरा से सकुशल दस्तयाब
खंडेला के केरपुरा में वारदात से मचा हड़कंप, रात 10 बजे मिली सूचना के बाद पुलिस ने कराई नाकाबंदी; पत्नी ने करौली के साथी जवान से लेनदेन के विवाद की दी जानकारी
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : नैना शेखावत
खंडेला : सेना से छुट्टी लेकर घर लौट रहे एक फौजी के अपहरण की सूचना से सोमवार रात खंडेला क्षेत्र में हड़कंप मच गया। केरपुरा गांव लौट रहे जवान श्रीराम सिहाग को रास्ते में कथित रूप से कुछ लोग वाहन में डालकर ले गए। मौके पर उसकी बाइक और हेलमेट पड़े मिले। सूचना मिलते ही खंडेला पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर तलाश शुरू की। पुलिस को मामले में बड़ी सफलता मिली और जवान को करौली जिले के सपोटरा से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया।
बाइक-हेलमेट सड़क पर मिले, परिजनों को दी सूचना
पुलिस के अनुसार श्रीराम सिहाग भारतीय सेना में कार्यरत है और छुट्टी के दौरान घर पर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। सोमवार को वह रानोली से बाइक पर सवार होकर अपने गांव केरपुरा लौट रहा था। गांव पहुंचने से पहले बस स्टैंड के पास उसकी बाइक और हेलमेट सड़क पर पड़े मिले। परिजनों को जानकारी मिली कि कुछ लोग उसे वाहन में डालकर अपने साथ ले गए हैं। इसके बाद परिजनों ने खंडेला पुलिस को सूचना दी।

रात 10 बजे मिली सूचना, जिलेभर में नाकाबंदी
थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार देगड़ा ने बताया कि रात करीब 10 बजे फौजी के अपहरण की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद जिलेभर में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।पुलिस ने परिजनों से श्रीराम की किसी से पुरानी रंजिश अथवा विवाद के संबंध में भी जानकारी जुटाई।
पत्नी की जानकारी से मिला अहम क्लू
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में जवान की पत्नी ने बताया कि पोस्टिंग के दौरान करौली जिले में तैनात एक साथी जवान से आपसी लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों ने इसी विवाद के चलते अपहरण की आशंका जताई। पुलिस ने इस जानकारी को महत्वपूर्ण सुराग मानते हुए टीम गठित की और करौली की ओर रवाना की। तलाश के दौरान पुलिस ने सपोटरा से श्रीराम सिहाग को सकुशल दस्तयाब कर लिया।
मोबाइल से पत्नी को कॉल कर रुपयों की मांग का भी दावा
परिजनों के अनुसार अपहरण के बाद श्रीराम के मोबाइल से उसकी पत्नी को फोन कर रुपयों की मांग किए जाने की बात भी सामने आई है। इससे परिजनों का अपहरण की आशंका को लेकर शक और गहरा गया। हालांकि, पुलिस की जांच में इस कॉल और कथित लेनदेन की वास्तविक भूमिका का खुलासा जवान से पूछताछ के बाद ही होगा।
जवान के बयान के बाद खुलेगा पूरा राज
थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार देगड़ा ने बताया कि जवान को सपोटरा से दस्तयाब कर खंडेला लाया जा रहा है। पूछताछ और जवान के बयान के बाद ही अपहरण की पूरी कहानी, आरोपियों की संख्या, वारदात का कारण और लेनदेन विवाद की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और कथित अपहरण में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2362274


